जदएस सुप्रीमो और पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवगौड़ा ने कर्नाटक से राज्यसभा की 4 सीटों पर 19 जून को होने चुनाव में किस्मत आजमाने का फैसला लिया है। वह आज अपना नामांकन दाखिल करेंगे। यह जानकारी सोमवार को देवगौड़ा के बेटे एचडी कुमारस्वामी ने दी। इस बीच भाजपा ने ईरन्ना कदाड़ी और अशोक गस्ती को उम्मीदवार बनाया है।
भाजपा की प्रदेश इकाई ने राज्यसभा चुनाव में उम्मीदवार के तौर पर प्रभाकर कोरे, रमेश कट्टी और प्रकाश शेट्टी के नामों की सिफारिश की थी लेकिन केंद्रीय नेतृत्व ने ईरन्ना कदाड़ी और अशोक गस्ती के नाम पर मुहर लगाई। पार्टी सूत्रों का कहना है कि ये दोनों नेता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पृष्ठभूमि से हैं। कदाड़ी बेलगावी और गस्ती रायचूर से आते हैं।
54 वर्षीय कदाड़ी ने अपना राजनीतिक करियर 1989 में शुरू किया था। 1994 में भाजपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा लेकिन हार गए। 2010 में वह बेलगावी जिला पंचायत अध्यक्ष रहे। वहीं पेशे से वकील गस्ती भाजपा की ओबीसी सेल के पूर्व महासचिव हैं। वह पिछड़ा वर्ग विकास परिषद के अध्यक्ष भी रहे चुके हैं।
कांग्रेस की ओर से घोषित उम्मीदवार वरिष्ठ पार्टी नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को अपना नामांकन भरा। इस दौरान कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार, विधानसभा में विपक्ष के नेता सिद्धारमैया और अन्य वरिष्ठ पार्टी नेता मौजूद थे। चार दशक लंबे राजनीतिक करियर में खड़गे पहली बार राज्यसभा के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। वह हमेशा से लोकसभा चुनाव लड़ते रहे हैं। 2019 आम चुनाव में गुलबर्गा सीट पर उन्हें भाजपा के उमेश जाधव से 95452 वोट से शिकस्त झेलनी पड़ी थी।