पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में नकली सोने की मूर्ति के व्यापारी के घर के नीचे सुरंग मिलने पर राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने चिंता जाहिर की है। उन्होंने कहा यह राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए चिंता की बात है।
यह सुरंग पास की एक नहर तक जाती है, जो मतला नदी में बहती है। पुलिस को 15 जुलाई को कुलतली में आरोपी के घर के नीचे सुरंग का पता चला था।
राजभवन ने सोशल मीडिया पर किया पोस्ट
राजभवन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, "कथित तौर पर सुनियोजित और संरचित सुरंग का अस्तित्व, जो सुंदरबन में मतला नदी में बहने वाली एक नजदीकी नहर की ओर ले जाती है। इसके पास भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा है, यह राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए चिंता का विषय है। "
अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि शक था कि घर के मालिक और नकली सोने के व्यापारी सद्दाम सरदार पुलिस छापे के दौरान भागने के लिए सुरंग का इस्तेमाल किया था। हालांकि बाद में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में सद्दाम की पत्नी राबेया सरदार को भी पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है।
सद्दाम के बेडरूम से नहर तक गई है सुरंग
पुलिस सूत्रों के मुताबिक सुरंग सद्दाम के बेडरूम में है और यह बाहर एक नहर से जुड़ा हुआ है। जांचकर्ताओं का मानना है कि सद्दाम इसी सुरंग के जरिए भाग निकलाता था। सद्दाम पर सोने की भगवान की मूर्ति बेचने के नाम पर धोखाधड़ी करने का आरोप था। जानकारी के मुताबिक जो कोई उससे सोना खरीदने जाता था, उसका सब कुछ लूट लिया जाता। इसके बाद वह काफी समय तक क्षेत्र से बाहर रहता था। इसकी शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी। पुख्ता जानकारी एकत्रित करने के बाद वे पोइटरहाट में तलाशी अभियान पर गए थे। तभी उन पर हमला हुआ था।