भाजपा ने उत्तर भारतीयों पर हुए हमले के लिए कांग्रेस विधायक और बिहार के प्रभारी अल्पेश ठाकोर को जिम्मेदार ठहराया। पार्टी प्रवक्ता सांबित पात्रा ने कहा कि इस मामले में गिरफ्तार लोगों में से कई कांग्रेस के टिकट पर चुनाव भी लड़ चुके हैं। पात्रा ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष अपनी राजनीति चमकाने के लिए अपने विश्वस्त अल्पेश के माध्यम से गुजरात का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। पात्रा ने कहा कि राहुल को चाहिए कि वह तत्काल अल्पेश को पार्टी से निष्कासित करे।
इस मामले में आल इंडिया मजलिसे इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के अधयक्ष असदउद्दीन ओवेसी ने कहा कि गुजरात में जो माहौल है उसके लिए पूरी तरह से भाजपा सरकार जिम्मेदार है। गुजरात सरकार प्रवासियों का पलायन रोकने में विफल रही है। ओवेसी ने कहा कि यह राज्य सरकार की जिम्मेदारी है कि प्रवासियों को सुरक्षा मुहैया कराए।
फैक्ट्रियों में काम ठप
अहमदाबाद के निकट साणंद में बीते तीन दिन से फैक्ट्रियों में काम ठप पड़ा है। एक फैक्ट्री मालिक ने बताया कि मंगलवार को कुछ मजदूर ही काम पर लौटे। यहां करीब 15000 प्रवासी श्रमिक काम करते हैं, जिनमें से चार हजार वापस लौट चुके हैं। वहीं मेहसाणा के देदियासान इंडस्ट्रियल एस्टेट के अध्यक्ष जीके पटेल ने बताया कि करीब एक हजार प्रवासी मजदूर लौट चुके हैं, जिससे काम प्रभावित हुआ है।