गुजरात की जसदण विधानसभा के लिए हुए उपचुनाव का परिणाम आज घोषित किया जाएगा। तीन हिंदी भाषी राज्यों मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में हालिया संपन्न विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की जीत के बाद इस उपचुनाव पर सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी कांग्रेस की निगाहें जमी हुई हैं। लोकसभा के लिए 2019 में होने वाले आम चुनावों से पहले यह उपचुनाव दोनों दलों के मध्य प्रतिष्ठा की लड़ाई बन गया है।
इस सीट के लिए 20 दिसंबर को मत डाले गए थे। भाजपा ने इस उपचुनाव में कोली समूदाय में प्रभावशाली और राज्य मंत्रिमंडल में शामिल कुंवरजी बावलिया को टिकट दिया है जबकि कांग्रेस ने अवसर नाकिया को मौका दिया है। नाकिया, राजकोट जिला पंचायत सदस्य हें और वह पांच बार विधायक रहे बावलिया के साथ भी निकटता से काम कर चुके हैं। नाकिया जीवन में पहली बार विधानसभा चुनाव में उतरे हैं।
बावलिया ने 2017 में कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर यह सीट जीती थी पर वह जुलाई महीने में त्यागपत्र देकर भाजपा में शामिल हो गये और मंत्री बना दिए गए थे। जसदण विधानसभा उपचुनाव में बावलिया और नाकिया के अलावा छह अन्य उम्मीदवार चुनाव में हैं। इस विधानसभा सीट में 2.32 लाख पंजीकृत मतदाता हैं।