कांग्रेस पार्टी के साथ हार्दिक पटेल और जिग्नेश मेवानी की डील अंतिम दौर में है। बताया जा रहा है कि एक नवंबर से शुरु होने वाले कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के अगले गुजरात दौरे में हार्दिक और जिग्नेश दोनों ही नेता कांग्रेस के लिए समर्थन का ऐलान कर देंगे। कांग्रेस सूत्रों के अनुसार 23 अक्तूबर को प्रदेश प्रभारी एवं राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से हार्दिक और जिग्नेश की हुई मुलाकात में लगभग दोनों के बीच मुद्दों की सहमति बन चुकी है।
उनकी मांगे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी तक पहुंचा दी गई हैं। राहुल ने हार्दिक और जिग्नेश की मांगों को अमली जामा पहनाने के लिए रोडमैप का जिम्मा पार्टी नेताओं की एक कोर समूह को सौंप दिया है। यह कोर समूह अब हार्दिक और जिग्नेश की मांगों का आंकलन कर उसके लिए रोडमैप बना रही है।
पढ़ें: राहुल गांधी से सीक्रेट मीटिंग के सवाल पर बोले हार्दिक- मिलता तो सबके सामने मिलता
इस रोडमैप के फाइनल प्रारूप को लेकर राहुल गांधी अपने अगले गुजरात दौरे में हार्दिक और जिग्नेश से मुलाकात कर अंतिम चर्चा करेंगे। कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता के अनुसार हार्दिक और जिग्नेश के साथ मुद्दों पर लगभग अंतिम सहमति बन गई हैं। मगर उनकी मांगों को अमल करने का रोडमैप तैयार किया जा रहा है। उस रोडमैप के बाद दोनों ही नेता कांग्रेस पार्टी को समर्थन देने का सार्वजनिक ऐलान करेंगे। संभावना जताई जा रही है कि अगामी 2 नवंबर को हार्दिक और जिग्नेश दोनों ही नेता कांग्रेस के समर्थन का सार्वजनिक ऐलान करेंगे।