भारत के प्रति जहर उगल रहे चीन के खिलाफ अब कारोबारी भी लामबंद हो रहे हैं। मथुरा की सब्जी मंडी कारोबारियों ने ऐलान किया है कि वे चीन के लहसुन को नहीं खरीदेंगे। इसको लेकर अन्य कारोबारियों से भी संपर्क किया जा रहा है। ताकि इस विरोध को व्यापक बनाया जा सके।
संयुक्त व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष और सब्जी मंडी में लहसुन का कारोबार करने वाले आढ़ती प्रेम सिंह यादव ने कहा चीन हमेशा से भारत का विरोध करता आ रहा है। हमारा देश आतंकवाद से घायल है और वो आतंकवाद को पनाह देने वाले पाकिस्तान के साथ खड़ा है। ऐसे में आम लोगों को भी चीन का मुंहतोड़ जवाब देना चाहिए। हमारे संगठन ने ये निर्णय लिया है कि हम चीन से आने वाले लहसुन को नहीं खरीदेंगे।
लहसुन कारोबारी विजय गुप्ता भी इस मुहिम में जुडे़ है। उन्होंने कहा कि सब्जी मंडी में चीन से आने वाले लहसुन का कोई व्यापार हम नहीं करेंगे। इसके लिये अन्य कारोबारियों से भी संपर्क कर इस मुहिम से जोड़ा जा रहा है। आढ़ती अमित कुमार अब लहसुन के कारोबार से परहेज कर रहे है। उनका कहना है कि चीन हमारे देश के खिलाफ ताल ठोक रहा है ऐसे में हम व्यापारी भी उसके माल को न खरीदकर उसकी अर्थव्यवस्था पर प्रहार कर सकते है। इसके लिये अन्य कारोबारियों को भी तैयार किया जा रहा है।