केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास अठावले ने रविवार को कहा कि विपक्षी कांग्रेस पार्टी के आक्रामक चुनाव प्रचार के बावजूद गुजरात में भाजपा सत्ता में वापसी करेगी।
वडोदरा में पत्रकारों से बात करते हुए अठावले ने कहा कि गुजरात में कांग्रेस का मत प्रतिशत निश्चित तौर पर बढ़ेगा। उन्होंने इसके लिए कांग्रेस के आक्रामक चुनाव प्रचार और पाटीदार अनामत आंदोलन समिति (पास) के समर्थन को बताया।
अठावले ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक महान रणनीतिकार हैं जिन्हें भाजपा अध्यक्ष अमित शाह अपना पूरा सहयोग दे रहे हैं। वहीं उन्होंने कांग्रेस को समर्थन देने के हार्दिक के फैसले पर भी सवाल उठाया।