गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी (फाइल फोटो)
- फोटो : ANI
गुजरात के 28 वर्षीय व्यापारी को गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की एडिट की गई वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर करना भारी पड़ गया। सूरत पुलिस की क्राइम ब्रांच ने इस हरकत के लिए व्यापारी को गिरफ्तार कर लिया है। ये शख्स सूरत के सिंघानपौर इलाके का रहने वाला है।
शख्स ने अमेरिकी सिंगर टेलर स्विफ्ट के 'आई नो यू आर इन ट्रवल' गाने का इस्तेमाल विजय रूपाणी की एक वीडिया पर किया और उसे बाद में सोशल मीडिया पर शेयर कर दिया। पुलिस ने बताया कि क्राइम ब्रांच की टेक्निकल टीम जब अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर निगरानी कर रही थी, तब उसे इंस्टाग्राम पर विजय रूपाणी की यह वीडियो मिली, जिसके बाद उन्होंने किशन अरविंद रूपाणी को ट्रेस किया।
सूरत पुलिस ने किशन को आईपीसी की धारा 469 के तहत गिरफ्तार किया है। सूरत के डिप्टी पुलिस कमिश्नर राहुल पटेल ने कहा कि कोरोना की वजह से हमने सोशल मीडिया पर एक सर्विलांस टीम को लगातार नजर बनाए रखने के लिए बैठाया हुआ है, ताकि कोविड-19 से संबंधित अगर कोई भी फेक न्यूज सोशल मीडिया पर फैलाई जाए तो उसका निपटारा किया जा सके।
इसी सिलसिले में हमारी टीम ने रविवार को सीएम विजय रूपाणी की एडिट वीडियो सोशल मीडिया पर देखी, जो खूब वायरल थी। इसके बाद हमने जांच की तो पता चला कि gujju_smaily.नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से इस वीडियो को शेयर किया गया है। हमारी टीम ने इसकी और जांच की तो पता चला कि किशन रूपाणी ने इसे शेयर किया है।
राहुल पटेल ने बताया कि हमारी टीम ने किशन को पकड़ा और उससे पूछताछ की, जिसमें किशन ने माना कि वो वीडियो उसी ने बनाई थी और अपलोड की थी। किशन ने पुलिस को बताया कि इंस्टाग्राम पर ज्यादा फॉलोवर्स और लाइक्स पाने की चाहत में उसने ये वीडियो बनाई थी और अपलोड की थी। पुलिस ने किशन का मोबाइल फोन सीज कर लिया है।