वैश्विक सम्मेलन के आयोजन में साझेदार कनाडा के व्यापार आयुक्त चैड हेंसलर ने कनाडा-भारत स्टार्टअप वीजा कार्यक्रम की चर्चा की। उन्होंने कहा कि दुनिया में जहां तमाम देश अपने दरवाजे और खिड़कियां बंद कर रहे हैं, वहीं कनाडा लोगों को खुले हाथों से आमंत्रित कर रहा है। कनाडा अब उद्यमियों को स्थायी नागरिकता मुहैया कराने का भी आमंत्रण दे रहा है।
हेंसलर ने आगे कहा कि दो साल की परीक्षण अवधि के बाद मैं यह घोषित करते हुए खुश हूं कि वीजा कार्यक्रम अब स्थायी तौर पर जारी रहेगा। भारत और कनाडा के बीच गहरी मित्रता विभिन्न सामाजिक व आर्थिक क्षेत्रों में है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के रिश्तों से बहुत उपलब्धियों के दरवाजे उद्यमियों के लिए खुलते हैं। खासतौर पर नवोन्मेष क्षेत्र के उद्यमी आगे बढ़ रहे हैं।
सम्मेलन में आयोजित स्टार्टअप समिट की स्पर्धा ग्रांड चैलेंज में पुरस्कार की राशि तीन करोड़ रुपये रखी गई है। यह पुरस्कार स्पर्धा में भाग लेने वाले तकनीकी और व्यवसायिक नवोन्मेष के जरिए राज्य और राष्ट्र को विकास के मुद्दे पर समाधान मुहैया कराने वाले सबसे बेहतर स्टार्टअप को मिलेगा। गौरतलब है कि आईटी को उद्यम क्षेत्र का दर्जा मिलने से निर्माण करने वाली इकाईयों की तर्ज पर सुविधाएं और सहायता मुहैया होगी। निर्माण क्षेत्र की तरह ही उन्हें कर्ज और सिंगल विंडो सिस्टम मुहैया होगा।