प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के गृह राज्य गुजरात के चुनाव प्रचार में पार्टी कोई कसर नहीं छोड़ रही है। नवंबर के तीसरे सप्ताह के बाद से एक बार फिर उच्चस्तरीय प्रचार अभियान को रफ्तार देने की तैयारी है।
प्रधानमंत्री मोदी की जहां तीन दर्जन से अधिक जनसभाओं की तैयारी हो रही है, वहीं भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, करीब डेढ़ दर्जन केंद्रीय मंत्री, चार-पांच राज्यों के मुख्यमंत्री भी चुनाव प्रचार के लिए गुजरात में होंगे। इतना ही नहीं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी दो चरणों में चुनाव प्रचार में फिर छौंक लगाएंगे।
योगी आदित्यनाथ पहले चरण में 3-6 दिसंबर तक गुजरात में होंगे। हर दिन तीन-चार जनसभा, रोड शो का कार्यक्रम रखा गया है। इसी तरह से केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी, रेल मंत्री पीयूष गोयल, परिवहन और जल संसाधन मंत्री नितिन गडकरी, मानव संसाधन मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण, स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, संस्कृति मंत्री डा. महेश शर्मा, कानून और सूचना प्रौद्यौगिकी मंत्री रवि शंकर प्रसाद, दूर संचार और रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा समेत डेढ़ दर्जन से अधिक केंद्रीय मंत्रियों के चुनाव कार्यक्रम तैयार हो रहे हैं।
सूत्र बताते हैं कि गुजरात में योगी आदित्यनाथ की अच्छी खासी डिमांड है। यही वजह है कि योगी एक बार में तीन-चार दिन तक राज्य में रुक रहे हैं।