गुजरात में पिछले 22 वर्षों से सत्ता में काबिज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एक फिर इतिहास रचने को अग्रसर है। अभी तक के चुनावी रुझानों में 182 सीट वाले गुजरात विधानसभा चुनावों में बीजेपी 90 सीट जीत चुकी है और 9 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है, वहीं राहुल गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस 73 सीट पर जीत दर्ज कर चुकी है और 7 सीटों पर आगे चल रही है। अब हम एक नजर सौराष्ट्र, कच्छ, उत्तर गुजरात, मध्य गुजरात और दक्षिण गुजरात की सीटों के चुनावी नजीजों पर दोनों पार्टियों की वर्तमान स्थिति पर नजर डाले तो कांग्रेस यहां बीजेपी को लगातार कड़ी टक्कर दे रही है। आईए एक नजर डालते हैं क्षेत्रवार सीटों की स्थिति के रुझानों पर-
सौराष्ट्र-कच्छ (54) : कांग्रेस 29, बीजेपी 23, अन्य 2 पर आगे
उत्तर गुजरात (32) : कांग्रेस 12, बीजेपी 18, अन्य 2 पर आगे
मध्य गुजरात (63) : बीजेपी 40, कांग्रेस 21, अन्य -2 पर आगे
दक्षिण गुजरात (33) : बीजेपी 24, कांग्रेस 8 पर आगे
पिछले आंकड़ों पर नजर डालें तो 2012 के चुनाव में राज्य के कुछ क्षेत्रों में कांग्रेस ने उसे बराबर की टक्कर दी थी। पांच क्षेत्रों में बंटे गुजरात में 2012 में हुए विधानसभा के चुनावी नतीजों पर नजर डालें तो 115 सीटों पर 47.85 फीसदी वोट शेयर के साथ बीजेपी ने बढ़त हासिल की थी और सरकार बनाने में कामयाब रही थी।
लेकिन इस बात को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता है कि कांग्रेस ने बीजेपी को बराबर की टक्कर दी थी और 38.39 फीसदी वोट शेयर के साथ 61 सीटों पर अपना कब्जा जमाया था। वहीं छह सीटों पर निर्दलीयों ने बाजी मारी थी। राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि गुजरात विधानसभा चुनाव के बाद बीजेपी की 2019 की राह आसान हो जाएगी। प्रधानमंत्री मोदी ने भी इस चुनाव के लिए पूरा जोर लगा दिया। रिपोर्टों के मुताबिक पीएम ने इस चुनाव के लिए राज्य में 34 चुनावी सभाएं की।
पढ़ें: गुजरात में गरजे राहुल, बोले- बीजेपी को चुनाव के दिन लगेगा करंट, GST ने देश को किया बर्बाद