पहले चरण में चुनाव लड़ रहे 788 प्रत्याशियों में 21 प्रतिशत यानी 167 पर आपराधिक मुकदमे चल रहे हैं। इनमें भी आम आदमी पार्टी के सर्वाधिक 36 प्रतिशत दागी प्रत्याशी हैं। 211 प्रत्याशी ऐसे हैं, जो करोड़पति हैं। करोड़पति प्रत्याशियों की औसत संपत्ति 2.88 करोड़ रुपये है।
गुजरात में आज पहले चरण की वोटिंग हुई। 19 जिलों की 89 सीटों पर शाम पांच बजे तक 59 फीसदी से ज्यादा लोगों ने वोट डाला। कुल 788 प्रत्याशी मैदान में रहे। इनमें भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी भी शामिल हैं।
विज्ञापन
पहले चरण में चुनाव लड़ने वाले 788 प्रत्याशियों में 21 प्रतिशत यानी 167 पर आपराधिक मुकदमे चल रहे हैं। इनमें भी आम आदमी पार्टी के सर्वाधिक 36 प्रतिशत दागी प्रत्याशी हैं। 211 प्रत्याशी ऐसे हैं, जो करोड़पति हैं। करोड़पति प्रत्याशियों की औसत संपत्ति 2.88 करोड़ रुपये है।
वहीं, कुछ प्रत्याशी ऐसे भी हैं, जो बेहद गरीब हैं। जिनके पास रहने के लिए खुद का घर तक नहीं है। एक प्रत्याशी ने तो शून्य एसेट दर्ज कराया है। आइए ऐसे प्रत्याशियों के बारे में जानते हैं...
विज्ञापन
ये हैं सबसे गरीब प्रत्याशी
राजकोट पश्चिम से निर्दलीय उम्मीदवार भूपेंद्र भावनभाई पटोलिया पहले चरण के सबसे गरीब प्रत्याशी हैं। इन्होंने अपने चुनावी हलफनामे में शून्य संपत्ति दिखाई है। भूपेंद्र के पास न तो चल संपत्ति है और न ही अचल। मतलब न तो इनके पास रहने का खुद का कोई घर है और न ही चुनाव में खर्च करने के लिए थोड़े से भी पैसे। यहां तक की पम्पलेट और पोस्टर छपवाने के लिए भी भूपेंद्र के पास रकम नहीं है।
गरीब प्रत्याशियों में ये तीन भी शामिल
1. राकेश भाई सुरेश भाई गामित: बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर तापी के व्यारा सीट से चुनाव लड़ रहे राकेश भाई सुरेश भाई गामित भी काफी गरीब हैं। राकेश ने अपने पास कुल एक हजार रुपये की संपत्ति दिखाई है। राकेश के पास न तो खुद का कोई घर है और न ही चलने के लिए गाड़ी या साइकिल।
2. जयाबेन मेहुलभाई बोरिचा: भावनगर पश्चिम से निर्दलीय चुनाव लड़ रहीं जयाबेन के पास महज तीन हजार रुपये की संपत्ति है। ये रकम भी चल संपत्ति में शामिल है। मतलब इनके पास भी रहने के लिए खुद का कोई घर नहीं है। इसके अलावा चुनाव प्रसार के लिए पैसे तक नहीं था।
3. समीर फकरुद्दीन शेख: सूरत पूर्व विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे समीर फकरुद्दीन के पास भी कोई दौलत नहीं है। फकरुद्दीन ने अपने चुनावी हलफनामे में बताया है कि उनके पास कुल छह हजार 500 रुपये की चल संपत्ति है। अचल संपत्ति यानी घर, मकान, प्लॉट, खेत व अन्य के नाम पर कुछ भी नहीं है।
भाजपा के सबसे ज्यादा करोड़पति प्रत्याशी
गुजरात चुनाव में पहले चरण के प्रत्याशियों में सबसे ज्यादा भारतीय जनता पार्टी ने करोड़पतियों को टिकट दिया है। आंकड़ों के अनुसार, भाजपा के 89 प्रतिशत उम्मीदवार करोड़पति हैं। दूसरे नंबर पर कांग्रेस के 75 प्रतिशत और आप के 38 प्रतिशत उम्मीदवार करोड़पतियों की सूची में आते हैं।