गुजरात विधानसभा चुनाव के नतीजे आ चुके हैं। इस बार भारतीय जनता पार्टी ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। 182 विधानसभा सीटों वाले गुजरात में भाजपा के 156 प्रत्याशी चुनाव जीत गए। कांग्रेस को सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा। कांग्रेस 77 सीटों से सीधे 17 पर आ गई। मतलब कांग्रेस को 60 सीटों का नुकसान उठाना पड़ा। वहीं, इस बार सरकार बनाने का दावा करने वाली आम आदमी पार्टी के केवल पांच प्रत्याशी ही चुनाव जीत पाए। एक सीट पर सपा उम्मीदवार विजयी हुए तो बाकी तीन सीटें निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीतीं।
साबरकांठा जिले की इदर विधानसभा सीट पर भाजपा ने रमणलाल ईश्वरलाल वोरा को उतारा था। उनके सामने कड़ी चुनौती देने वाले कांग्रेस से रामाभाई वीरचंदभाई सोलंकी थे। भाजपा के रमणलाल ईश्वरलाल वोरा ने कांग्रेस के रामाभाई वीरचंदभाई सोलंकी को 39,440 वोटों से हरा दिया। भाजपा उम्मीदवार को 1,13,921 वोट जबकि कांग्रेस को यहां 74,481 वोट मिले।
आप तीसरे नंबर पर रही
इस चुनाव में तीसरे नंबर पर आप रही, इसके प्रत्याशी जयंतीभाई प्रणामी को 14,568 वोट मिले जो कुल वोट का महज 7.05 फीसदी रहा। यानी, आप उम्मीदवार अपनी जमानत भी नहीं बचा सके। वहीं, नोटा को 3,568 वोट मिले।
2017 में भाजपा को मिली थी जीत
इस विधानसभा सीट पर 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को जीत मिली थी। इस चुनाव में इस सीट से भाजपा ने हीतू कनोडिया को अपना उम्मीदवार बनाया था। उन्होंने कांग्रेस के मणिभाई वाघेला को 14 हजार वोटों से हराया था। यहां कुल दस उम्मीदवार मैदान में थे। इन दोनों के अलावा बाकी आठ उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई थी।
भाजपा ने लगातार सातवीं जीत दर्ज की
भाजपा ने इदर सीट से मौजूदा विधायक हीतू कनोडिया की जगह पूर्व विधायक रमणलाल ईश्वरलाल वोरा को टिकट दिया था। यहां भाजपा ने अब तक सात चुनाव जीते हैं। भाजपा को इस सीट पर लगातार सातवीं बार जीत हासिल हुई है। 1995 से 2012 तक भाजपा की ओर से रमणलाल ईश्वरलाल वोरा चुनाव लड़े और पार्टी को सभी चुनावों में जीत दिलाई। हालांकि, 2017 के चुनाव में उन्हें टिकट नहीं दिया गया था। पांच साल बाद एक बार फिर वोरा यहां से जीते हैं। कांग्रेस को यहां अब तक केवल तीन बार जीत मिली है। आखिरी बार 1980 में यहां से कांग्रेस उम्मीदवार को जीत मिली थी।
2017 में साबरकांठा जिले में चार सीट जीती थी कांग्रेस
पिछले विधानसभा चुनाव में साबरकांठा जिले की सात में से तीन सीट पर भाजपा के उम्मीदवार ने जीत दर्ज की थी, जबकि चार सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार जीतने में सफल रहे थे।