गुजरात विधानसभा चुनाव में सबसे हाईप्रोफाइल सीट है राजकोट पश्चिम, जहां से गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी चुनावी मैदान में है। इस सीट पर पिछले 22 सालों से बीजेपी का कब्जा रहा है। इस सीट ने गुजरात को तीन मुख्यमंत्री भी दिए हैं। केशुभाई पटेल, नरेंद्र मोदी और विजय रूपाणी। पटेल बाहुल्य इस क्षेत्र में इस बार बीजेपी को कड़ी टक्कर मिलने वाली है। बीजेपी से इसबार पटेल आरक्षण के नाम पर काफी नाराज हैं।
फिलहाल राजकोट का नजारा थोड़ा अलग दिखाई दे रहा है। भारी व्यस्तताओं के बीच रूपाणी अपने चुनावी क्षेत्र में नहीं पहुंच पा रहे हैं इसलिए उनकी जीत की जिम्मेदारी लेकर प्रचार प्रसार का जिम्मा श्रीमति अंजली रूपाणी के कंधों पर है, उसे वो बखूबी निभा रही हैं।
पढ़ें; गुजरात: आज कई रैलियों को संबोधित करेंगे पीएम, राहुल से भी होगा 'आमना-सामना'
विजय रूपाणी प्रधानमंत्री के साथ चुनाव की रैलियों में व्यस्त हैं वहीं उनकी पत्नी घर -घर जाकर वोट मांग रही हैं। वो कहती हैं कि बीजेपी ने क्या काम किया है लोग जानते हैं और हम किसी को हराने नहीं लोगों का दिल जीतने के लिए आएं हैं और पहले भी जीतते रहे हैं।
साड़ी लपेटे,चश्मा लगाए, मुस्कुराते हुए चेहरे के साथ लोग अंजलीबेन का गुलाब की माला से स्वागत करते हैं और वो लोगों से हाथ जोड़कर वोट देने की गुजारिश करती हुई हैं- आमने याद रखजो (वोट देते समय हमें याद रखना), मीडिया में आ रही खबरों के मुताबिक वो घर के बाहर आई एक महिला का हाथ पकड़कर गुजारिश करती हैं और वोटर भी मुस्कुराती हुई कहती हैं- आपको चिंता करने की जरूरत नहीं है, अंजली ने तुरंत ही कहा आपकी ये बातें मेरे आत्मविश्वास को बढ़ा रही हैं।