गुजरात का विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे मतदान की ओर बढ़ रहा है वैसे-वैसे ही राजनीतिक दलों में जुबानी जंग तेज होती जा रही है, शब्दों के बाण मर्यादाओं को भेद रहे हैं। कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने प्रधानमंत्री मोदी पर ऐसा ही एक बयान दिया जिससे बैठे-बिठाए भाजपा को कांग्रेस के खिलाफ बड़ा हथियार मिल गया।
यह भी पढ़ेंः अय्यर ने पीएम को कहा 'नीच', मोदी बोले- हां मेरी जाति नीची लेकिन काम ऊंचे किए
अय्यर ने बाबा साहेब अंबेडकर के संबंध में दिए प्रधानमंत्री मोदी के बयान पर उन्हें नीच और असभ्य आदमी कह डाला। गुजरात में पहले चरण के चुनावों में पूरी ताकत झोंक चुकी भाजपा ने इस मुद्दे को भुनाने में जरा भी देर नहीं की। पार्टी की ओर से खुद प्रधानमंत्री मोदी ने मोर्चा संभाला और पार्टी के अन्य प्रवक्ता तुरंत मैदान में उतर आए।
यह भी पढ़ेंः 'नीच' वाले बयान पर राहुल बोले- माफी मांगें, मणिशंकर ने कहा- मेरा मतलब LOW से था
सूरत की रैली में प्रधानमंत्री मोदी ने खुद मोर्चा संभाला और मणिशंकर अय्यर की सोच पर सवाल उठाते हुए इसे मुगल मानसिकता का बता डाला। मोदी ने कहा की कांग्रेस के नेता जिस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं वो लोकतंत्र में स्वीकार नहीं की जा सकती।
मोदी ने अय्यर पर सवाल उठाते हुए कहा कि जो नेता उच्च संस्थानों में पढ़े हैं, वरिष्ठ डिप्लोमेट और केंद्र की सरकार में रहे हैं वो प्रधानमंत्री को नीच कहते हैं। यह देश के प्रधनानमंत्री का अपमान है। मोदी ने इसे गुजराती अस्मिता से जोड़ते हुए गुजरात का अपमान बताया, कहा- गुजरात की जनता को इसका जवाब बैलेट से देना चाहिए।