Mahuva Assembly Seat: गुजरात विधानसभा चुनाव के नतीजे आ चुके हैं। इस बार भारतीय जनता पार्टी ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। 182 विधानसभा सीटों वाले गुजरात में भाजपा के 156 प्रत्याशी चुनाव जीत गए। कांग्रेस को सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा। कांग्रेस 77 सीटों से सीधे 17 पर आ गई। मतलब कांग्रेस को 60 सीटों का नुकसान उठाना पड़ा। वहीं, इस बार सरकार बनाने का दावा करने वाली आम आदमी पार्टी के केवल पांच प्रत्याशी ही चुनाव जीत पाए। एक सीट पर सपा उम्मीदवार विजयी हुए तो बाकी तीन सीटें निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीतीं।
इस चुनाव के लिए सूरत जिले की महुवा (एसटी) सीट पर भाजपा ने मौजूदा विधायक मोहनभाई धनजीभाई ढोड़िया को अपना प्रत्याशी बनाया था। ढोड़िया ने कांग्रेस की हेमांगिनी गरासिया को 31,508 वोटों के बड़े अंतर से हरा दिया।
2022 गुजरात विधानसभा चुनाव में कुछ ऐसी सीटें रही हैं जहां भाजपा की तुलना में विपक्षी कांग्रेस ने बेहतर प्रदर्शन किया है। भाजपा के मजबूत गढ़ वाले सूरत की एसटी आरक्षित महुवा सीट कांग्रेस के लिए खास रही है। पार्टी ने यहां 14 में से सात चुनाव जीते हैं। जबकि भाजपा को पांच जीत हासिल हुई हैं। भाजपा ने यहां पहली बार 1998 में जीत हासिल की थी। लगातार तीन चुनाव से यहां भाजपा को ही जीत मिली है। 1962 में यहां पहली बार चुनाव हुए थे।
2017 में यहां भाजपा को जीत मिली थी
2017 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर भाजपा ने जीत हासिल की थी। इस चुनाव में भाजपा ने मौजूदा विधायक मोहनभाई धनजीभाई ढोड़िया को टिकट दिया था। उन्होंने कांग्रेस के डॉ तुषार भाई चौधरी को छह हजार वोटों से शिकस्त दी थी। इस चुनाव में कुल चार उम्मीदवार मैदान में थे। भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवारों को छोड़कर दो उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई थी।
2017 से पहले 2012 चुनाव में भी इस सीट पर भाजपा को जीत हासिल हुई थी। उस चुनाव में भाजपा की ओर से मैदान में उतरे मोहनभाई धनजीभाई ढोड़िया ने कांग्रेस के ईश्वर भाई वाहिया को शिकस्त दी थी।
भाजपा ने मोहनभाई ढोड़िया को लगातार पांचवी बार प्रत्याशी बनाया था
2022 चुनाव के लिए इस सीट पर भाजपा ने मौजूदा विधायक मोहनभाई धनजीभाई ढोड़िया को लगातार पांचवी बार अपना प्रत्याशी बनाया था। वहीं, कांग्रेस ने हेमांगिनी दीपककुमार गरासिया को अपना उम्मीदवार घोषित किया था। इस सीट पर एक दिसंबर को पहले चरण में मतदान हुआ। नतीजे आठ दिसंबर को आए।
2017 में सूरत जिले की 14 सीटों पर जीती थी भाजपा
महुवा (एसटी) विधानसभा सीट, सूरत जिले के अंतर्गत आने वाली 16 विधानसभा सीटों में से एक है। 2017 में जिले की 16 में से 14 सीटों पर भाजपा को बम्पर जीत मिली थी। वहीं, कांग्रेस मात्र दो सीट पर ही जीत दर्ज करने में सफल रही थी।