Gujrat Election 2022: Shakti singh gohil
- फोटो : Amar Ujala
प्रश्न: लेकिन उनका दावा है कि वे कर्ज में डूबे पंजाब में ये करके दिखा रहे हैं और गुजरात में भी करके दिखाएंगे?
उत्तर: यही तो कह रहा हूं। उनकी पूरी राजनीति झूठ के बल पर चल रही है। पूरे देश ने देखा है कि वे पंजाब के कर्मचारियों को वेतन तक नहीं दे पा रहे हैं, सरप्लस बजट वाली दिल्ली में भी वे शिक्षकों को वेतन नहीं दे पा रहे हैं। शिक्षा बजट का एक चौथाई शिक्षा पर खर्च करने के उनके दावे की असलियत यह है कि दिल्ली के 80 फीसदी से ज्यादा स्कूलों में प्रिंसिपल-वाइस प्रिंसिपल और शिक्षक नहीं हैं। उन्होंने एक भी स्कूल-कॉलेज नहीं बनवाया है। आखिर उनका शिक्षा मॉडल क्या है जिसके बूते वे जीत की उम्मीद करते हैं।
प्रश्न: तो क्या आप केजरीवाल को गुजरात में कोई चैलेंज नहीं मानते?
उत्तर: बिलकुल नहीं। उनकी सारी दावेदारी आप लोगों (मीडिया) के बीच है। वे गुजरात में उतने ही सफल हो पायेंगे जितना वे उत्तराखंड या गोवा में हुए। उत्तराखंड और गोवा में वे इस तरह आक्रामक दावे कर रहे थे, जैसे सरकार ही बनाने जा रहे हों, लेकिन हुआ क्या? उनके सभी उम्मीदवारों की जमानत तक जब्त हो गई। उनका मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार भी भाजपा में भाग गया। हिमाचल प्रदेश में भी उनका अध्यक्ष भाजपा में चला गया। उनका यही हाल गुजरात में भी होने वाला है। आप देखते रहिये।
प्रश्न: बड़ा प्रश्न यह है कि कांग्रेस अभी भी अपने झगड़ों से उबर नहीं पाई है और चुनाव होने के करीब तक आपका अध्यक्ष तय नहीं है। क्या इसके कारण पार्टी की दावेदारी पर असर नहीं पड़ेगा?
उत्तर: कांग्रेस लोकतांत्रिक पार्टी है और बहुत बड़ा परिवार है। थोड़ी-बहुत नोक-झोंक होती रहती है, लेकिन इसका कोई फर्क नहीं पड़ेगा। अक्तूबर में ही हमारे अध्यक्ष तय हो जायेंगे। उसके बाद पार्टी का चुनाव प्रचार पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ेगा।
प्रश्न: अंतिम प्रश्न, आप किन मुद्दों पर मोदी-भाजपा को घेरने में कामयाब रहेंगे?
उत्तर: अभी-अभी आपको बताया, प्रधानमंत्री के गुजरात मॉडल की सच्चाई यह है कि उन्होंने एक अच्छे खासे राज्य को तीन लाख करोड़ रूपये के कर्ज के नीचे धकेल दिया। राज्य के सरकारी कर्मचारियों की वेतन वृद्धि का काम रुका हुआ है। सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री में आपसी लड़ाई चरम पर है, राज्य के दो सबसे बड़े भाजपा नेताओं की आपसी लड़ाई में आम जनता पिस रही है। हम इन्हीं मुद्दों पर जनता के बीच जाएंगे और जीत दर्ज करेंगे।