महीनों की मशक्कत के बाद कांग्रेस ने भले ही हार्दिक पटेल को साध लिया है, इसके बावजूद हार्दिक के जरिए पाटीदार बिरादरी को साधने की राह इतनी भी आसान नहीं है।
हार्दिक को साधने के बाद अब कांग्रेस के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपने आरक्षण फार्मूले पर फैले भ्रम को दूर करने की है।
कांग्रेस को पूरे चुनाव प्रचार में बार-बार यह बताना पड़ेगा कि पटेलों के लिए उसकी ओर से दिया गया आरक्षण का फार्मूला कैसे संवैधानिक दायरे में है। इसके इतर हार्दिक ने तब कांग्रेस का दामन थामा है जब उनके साथ पाटीदार अमानत आंदोलन छेडने वाले छह प्रमुख चेहरे उनका साथ छोड़ भाजपा का दामन थाम चुके हैं।
पढ़ें- गुजरात चुनाव: बीजेपी ने 14 विधायकों की टिकट काटी, कई बड़े नेता भी शामिल
दरअसल भाजपा को अंदेशा था कि देर सबेर हार्दिक और कांग्रेस के बीच आरक्षण फार्मूले पर सहमति बननी तय है। यही कारण है कि पार्टी ने सबसे पहले हार्दिक के संगठन को कमजोर करने की रणनीति बनाई और इस रणनीति के तहत उनके सभी करीबियों को अपने पाले में कर लिया।
इसके बाद हार्दिक के खिलाफ एकाएक कई अश्लील सीडी जारी करने का सिलसिला चला। अब भाजपा कांग्रेस-हार्दिक के आरक्षण फार्मूले पर जबर्दस्त हमला बोलने के मूड में है।
पार्टी की योजना पाटीदार बिरादरी के बीच यह संदेश देने की है कि हार्दिक ने उनके साथ छल किया है। इस कड़ी में इस बिरादरी को यह समझाने की कोशिश होगी कि पाटीदारों को अलग से आरक्षण नहीं मिल सकता।
ऐसा करने पर राज्य में आरक्षण की सीमा 50 फीसदी पार कर जाएगी। सुप्रीम कोर्ट पहले ही साफ कर चुका है कि आरक्षण की सीमा 50 से अधिक नहीं की जा सकती। इसकी शुरुआत वित्त मंत्री जेटली के बाद राज्य के उपमुख्यमंत्री नितिन पटेल ने कर भी दी है।