गुजरात विधान सभा के लिए हुए पहले चरण के मतदान में 68 फीसदी मतदान हुआ। 182 सदस्यों वाली विधानसभा की लिए हो रहे चुनाव के पहले चरण में शनिवार को 89 सीटों के लिए मतदान हुआ। राज्य में पिछले विधानसभा चुनाव में 70.75 फीसदी मतदान हुआ था।
राज्य के वरिष्ठ उप निर्वाचन अधिकारी उन्मेश सिन्हा ने कहा कि राज्य में पहले चरण की 89 सीटों के लिए 68 फीसदी मतदान हुआ। शनिवार को जिन प्रमुख उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में बंद हुआ उसमें राजकोट पश्चिम सीट से मुख्यमंत्री विजय रुपाणी, मांडवी से कांग्रेस के शक्ति सिंह गोहिल और अमरेली से परेश धनानी शामिल हैं।
भाजपा और कांग्रेस के बीच इस लड़ाई में इस को चुनाव पीएम नरेंद्र मोदी की प्रतिष्ठा से भी जोड़ कर देखा जा रहा है। कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभालने जा रहे राहुल गांधी के लिए भी यह चुनाव लिटमस टेस्ट के रूप में देखा जा रहा है। दूसरे चरण में शेष 93 सीटों के लिए 14 दिसंबर को मतदान होगा। राज्य में मतों की गिनती 18 दिसंबर को होगी।
पीएम मोदी ने जनता को दिया धन्यवाद
वोटिंग खत्म होने के बाद पीएम मोदी ने गुजरात की जनता को धन्यवाद दिया। पीएम मोदी ने ट्वीट में कहा, ‘आज रिकॉर्ड संख्या में मतदान करने के लिए गुजरात के भाइयों और बहनों का आभार, धन्यवाद गुजरात। मैं देख रहा हूं हर गुजराती के प्यार और सहयोग से भाजपा ऐतिहासिक जीत की तरफ बढ़ रही है।’
सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लोगों की कतार
मतदान के दौरान शनिवार को वोट डालने वालों में क्रिकेटर, दूल्हा-दुल्हन और वयोवृद्ध लोग भी शामिल थे। इनके अलावा बड़ी संख्या में ऐसे नौजवान भी मतदान केंद्रों पर पहुंचे, जिन्होंने पहली बार किसी चुनाव में वोट डाला।
राजकोट (पश्चिम) से चुनाव लड़ रहे मुख्यमंत्री विजय रुपाणी शुरुआती घंटों में वोट डालने वालों में शामिल थे। क्रिकेटर चेतेश्वर पुजारा भी अपने पिता अरविंद पुजारा के साथ वोट डालने आए थे। राजकोट के एक मतदान केंद्र पर वोट डालने के बाद चेतेश्वर ने सभी मतदाताओं से अपना वोट डालने की अपील की।