गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कोविड-19 के मामलों में अचानक वृद्धि के स्थिति से निपटने के लिए प्रशासन की तैयारियों की समीक्षा के लिए शुक्रवार को एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की।
कई जिलों के अधिकारी हुए शामिल
जानकारी के मुताबिक, इस समीक्षा बैठक में अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा, राजकोट और गांधीनगर शहरों के नगर आयुक्तों के साथ-साथ आणंद, भरूच, नवसारी, वलसाड और कच्छ के कलेक्टर और जिला विकास अधिकारियों ने वीडियो-कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में भाग लिया। वहीं, मुख्य प्रधान सचिव के. कैलाशनाथन, मुख्य सचिव पंकज कुमार और एसीएस-स्वास्थ्य मुकेश कुमार ने व्यक्तिगत रूप से बैठक में भाग लिया।
अधिकारियों ने दी यह जानकारी
बैठक में नगर निगम आयुक्तों और जिला कलेक्टरों ने टीकाकरण अभियान मामलों का पता लगाने और उन पर नज़र रखने के बारे में बात की। बिस्तरों और दवाओं की उपलब्धता को चर्चा में शामिल करते हुए अपने-अपने जिलों में पृथक रोगियों की स्थिति के बारे में नवीनतम विवरण का डेटा साझा किया।
मुख्यमंत्री ने दिए सख्त निर्देश
बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने मुख्यमंत्री को बताया कि बेहतर प्रतिक्रिया और समन्वय के लिए राज्य सरकार ने पहले ही सभी प्रभारी सचिवों को अपने आवंटित जिलों में पहुंचने के लिए कहा है। वहीं मुख्यमंत्री ने शहर और जिला प्रशासकों से संक्रमित रोगियों की लगातार निगरानी करने का आग्रह किया। लोगों की प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए राज्य सरकार की योजना 10 जनवरी से शहरों और जिलों में आयुर्वेदिक पाउडर मिक्स (काढ़ा) उपलब्ध कराने की है। इस आयुर्वेदिक मिश्रण को गर्म पानी के साथ लेने का निर्देश जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी प्रशासकों को सौंपी गई है।