भूपेंद्र मंत्रिमंडल की औसत उम्र 57 साल दो महीने है। पिछली सरकार में गृहराज्य मंत्री रहे 37 साल के हर्ष सांघवी सबसे कम उम्र के मंत्री हैं। 71 साल के कनुभाई मोहनलाल देसाई कैबिनेट के सबसे बुजुर्ग मंत्री हैं। आइए जानते हैं भूपेंद्र सरकार के सभी मंत्रियों के बारे में...
गुजरात में आज नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह हो गया। भूपेंद्र पटेल ने लगातार दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। मुख्यमंत्री के अलावा 16 अन्य मंत्रियों को भी राज्यपाल ने शपथ दिलाई। भूपेंद्र पटेल सरकार में मुख्यमंत्री समेत आठ पुराने चेहरों को शामिल किया गया है, जबकि नौ नए चेहरों को मौका मिला है।
विज्ञापन
भूपेंद्र मंत्रिमंडल की औसत उम्र 57 साल दो महीने है। पिछली सरकार में गृहराज्य मंत्री रहे 37 साल के हर्ष सांघवी सबसे कम उम्र के मंत्री हैं। 71 साल के कनुभाई मोहनलाल देसाई कैबिनेट के सबसे बुजुर्ग मंत्री हैं। आइए जानते हैं भूपेंद्र सरकार के सभी मंत्रियों के बारे में...
बलवंत राजपूत सबसे अमीर, मुकेशभाई और बच्चूभाई सबसे गरीब
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की नई सरकार में 16 मंत्रियों को अभी जगह मिली है। मंत्रियों की औसत संपत्ति 32.47 करोड़ रुपये है। बलवंत सिंह राजपूत सबसे अमीर मंत्री हैं। बलवंतसिंह सिधपुर निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव जीते हैं। राजपूत के पास कुल 372 करोड़ 65 लाख 34 हजार 801 रुपये की संपत्ति है। इसमें 266 करोड़ रुपये से ज्यादा की चल और 102 करोड़ रुपये से ज्यादा की अचल संपत्ति शामिल है। बलवंत सिंह ने भोपाल से स्नातक की पढ़ाई पूरी की है। इनके बैंक खाते में छह करोड़ रुपये से ज्यादा की रकम है।
4.81 करोड़ से ज्यादा के गहने हैं। इतनी संपत्ति होने के बावजूद बलवंत के पास खुद की कोई गाड़ी नहीं है। चुनावी हलफनामे के अनुसार बलवंत के पास चार करोड़ से ज्यादा की कृषि भूमि, 22 करोड़ से ज्यादा की नॉन एग्रीकल्चर लैंड है। 32.41 करोड़ रुपये की कॉमर्शियल बिल्डिंग और 43.15 करोड़ रुपये की रेशिडेंशियल बिल्डिंग भी है। जिनका मौजूदा बाजार मूल्य 106 करोड़ रुपये से ज्यादा है।
वहीं, सबसे कम संपत्ति वाले मंत्रियों की बात करें तो इसमें मुकेशभाई पटेल और बच्चूभाई खाबड़ का नाम शामिल है। बच्चूभाई खाबड़ के पास 92.85 लाख रुपये और मुकेशभाई के पास 97.17 लाख रुपये की संपत्ति है। भूपेंद्र पटेल सरकार में यही दो मंत्री हैं, जिनके पास एक करोड़ रुपये से कम की संपत्ति है। इनके अलावा बाकी सभी मंत्रियों की संपत्ति एक करोड़ या इससे अधिक है।
भूपेंद्र पटेल सरकार
- फोटो : अमर उजाला
हर्ष सबसे युवा और सबसे कम पढ़े लिखे हैं, कनुभाई सबसे बुजुर्ग
भूपेंद्र पटेल सरकार में हर्ष सांघवी ऐसे मंत्री हैं, जो सबसे युवा हैं और सबसे कम पढ़े भी। हर्ष की उम्र 37 साल है और इन्होंने आठवीं तक ही पढ़ाई की है। पेशे से हीरा व्यापारी हर्ष पिछली सरकार में गृहराज्य मंत्री थे। इस बार भी उन्होंने मंत्री पद की शपथ ग्रहण की है। वहीं, सबसे बुजुर्ग मंत्री की बात करें तो कनुभाई मोहनलाल देसाई हैं। कनुभाई देसाई की उम्र 71 साल है।
डॉ. कुबेरभाई डिंडोर सबसे पढ़े लिखे मंत्री हैं। 51 साल के डिंडोर ने 2012 में सरदार पटेल विश्वविद्यालय से पीएचडी की है।
भूपेंद्र पटेल सरकार में मुख्यमंत्री समेत आठ पुराने चेहरों को जगह मिली है। इनमें ऋषिकेश पटेल, कनुभाई देसाई, हर्ष सांघवी, जगदीश विश्वकर्मा, कुबेरभाई डिंडोर, राघवजीभाई हंसराज, मुकेश पटेल शामिल हैं।
नए चेहरों में प्रफुल पानसेरिया, भीखू सिंह जी परमार, कुंवरजी हलपति, बच्चू खाबड़, भनुबेन बाबरिया, अय्यर मुलुभाई बेरा, बलवंत सिंह राजपूत, कुंवरजी बावलिया और परुषोत्तम सोलंकी का नाम शामिल है।