सीबीआई ने शुक्रवार को गुजरात की एक कंपनी और इसके निदेशकों के खिलाफ यूनियन बैंक ऑफ इंडिया से 134.34 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी मामले में एफआईआर दर्ज की। जांच एजेंसी ने मुंबई में छह जगहों पर छापा मारकर अहम दस्तावेज भी बरामद किए।
एजेंसी ने बताया कि गुजरात के कच्छ में गांधीधाम स्थित एसोसिएट हाई प्रेशर टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड, इसके निदेशकों रामचंद के इसरानी, मोहम्मद फारूक सुलेमान दरवेश, श्रीचंद सत्रमादास अगीचा, इब्राहिम सुलेमान दरवेश और अज्ञात सरकारी कर्मचारियों तथा अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई।
सरकारी बैंक द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, कंपनी ने बैंक द्वारा दिए गए लोन का दुरुपयोग किया और अन्य बैंकिंग चैनलों के जरिए पैसा अन्य जगह हस्तांतरित किया जोकि यूनियन बैंक द्वारा लोन मंजूर करने के लिए तय शर्तों का उल्लंघन है।