सावली से विधायक केतन इनामदार ने मीडिया से बात करते हुए कहा है कि सरकारी अधिकारियों के कामकाज को लेकर नाराजगी के बारे में कई बार गुहार लगाई है लेकिन इसके बावजूद काम नहीं हो रहा। उन्होंने कहा कि अफसरों के कामकाज को लेकर और भी कई विधायक नाराज हैं। वे सब भी हमारे साथ जुड़ेंगे और आलाकमान के सामने यह बात उठाई जाएगी।
नितिन पटेल समेत कई नेता नाराज विधायकों को समझाने में जुटे
नाराजा विधायकों को मनाने का काम कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चुडास्मा को सौंपा गया है। इस मामले में कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चुडास्मा ने कहा कि नाराज विधायकों मुलाकात कर उनकी समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। यह पार्टी का अंदरूनी मामला है इसे जल्द ही सुलझा लिया जाएगा। नाराज विधायकों को मनाने के लिए उप-मुख्यमंत्री नितिन पटेल के साथ-साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जीतू वाघाणी ने भी कमान संभाल रखी है। उधर गृह राज्य मंत्री प्रदीप सिंह जाडेजा को भी इन नाराज विधायकों को मनाने का काम सौंपा गया है।
वडोदरा के भाजपा विधायकों की नाराजगी का यह कोई पहला किस्सा नहीं है। इससे पहले भी गत विधानसभा चुनाव के बाद सरकार में मंत्री पद नहीं मिलने से वडोदरा के विधायकों ने अपनी नाराजगी व्यक्त की थी। वडोदरा शहर ग्राम्य की 10 में से 8 सीटों पर भाजपा विधायकों की जीत के बावजूद सरकार में किसी को प्रतिनिधित्व नहीं दिया गया था। नाराजगी जताने के बाद ही राजेंद्र त्रिवेदी को विधानसभा अध्यक्ष का पद दिया गया था। मधु श्रीवास्तव व योगेश पटेल वरिष्ठ विधायक रहे हैं वहीं पिछली विधानसभा में निर्दलीय विधायक के रूप में चुने गए इनामदार इस बार भाजपा से विधायक चुने गए हैं।