गुजरात में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए आम आदमी पार्टी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल लगातार प्रदेश का दौरा कर रहे हैं। इस बार अपने दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे केजरीवाल ने भाजपा कार्यकर्ताओं को अपने पक्ष में करने के लिए खास अपील की।
तेजस्वी सूर्या ने केजरीवाल पर साधा निशाना
भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने आज संयोजक अरविंद केजरीवाल पर हमला बोला है। उन्होंने कहा केजरीवाल देश के सबसे बड़े यू-टर्न नेता हैं। उनकी रेवड़ी "रेवड़ी (मुफ्त) और बेवड़ी (शराबी) राजनीति" गुजरात में खारिज कर दी जाएगी। तेजस्वी सूर्या ने कहा, केजरीवाल की राजनीति में विश्वसनीयता और अखंडता का अभाव है। पत्रकारों को संबोधित करते हुए तेजस्वी सूर्या ने कहा, आप नेता के अच्छे स्कूलों, मोहल्ला क्लीनिकों और स्वच्छ राजनीति के दावों का दिल्ली में भाजपा ने भंडाफोड़ किया है।
भाजपा सांसद ने कहा, दिल्ली में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पर सीबीआई की छापेमारी, केजरीवाल के स्वच्छ राजनीति के दावों के ताबूत में आखिरी कील साबित होगी। उन्होंने कहा, गुजरात के युवाओं ने विकास की निरंतर यात्रा को लगभग 30 वर्षों से तेज गति प्रदान करने का संकल्प लिया है। निश्चित रूप से, गुजरात के युवा रेवड़ी (फ्रीबी) और बेवड़ी (नशे में) राजनीति के लिए एक इंच भी जगह नहीं देंगे।
आप नेता के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
सूरत में एक रैली के दौरान गुजरात भाजपा प्रमुख सीआर पाटिल व मंत्री हर्ष संघवी के खिलाफ कथित रूप से अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करने के लिए गुजरात आप प्रमुख गोपाल इटालिया के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस मामले में क्राइम ब्रांच जांच कर रही है।