विमान में 169 भारतीय नागरिक सवार
एअर इंडिया ने एक बयान में बताया कि विमान में सवार 242 यात्रियों में से 169 भारतीय नागरिक, 53 ब्रिटिश नागरिक, एक कनाडाई नागरिक और 7 पुर्तगाली नागरिक शामिल थे। हादसे में घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एअर इंडिया ने जानकारी देने के लिए हॉटलाइन नंबर 1800 5691 444 जारी किया है। एअर इंडिया ने अथॉरिटीज को पूरा समर्थन देने की बात कही है। AI171 दुर्घटना के मद्देनजर, सभी विवरणों के समन्वय के लिए नागरिक उड्डयन मंत्रालय में एक परिचालन नियंत्रण कक्ष सक्रिय कर दिया गया है। जिसका नंबर: 011-24610843 | 9650391859 है।
डॉक्टर्स हॉस्टल पर क्रैश हुआ विमान
अहमदाबाद के शीर्ष पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि लंदन जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट डॉक्टर्स हॉस्टल पर क्रैश हुई। सूचना मिलने के 2-3 मिनट के भीतर ही पुलिस अन्य एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं। करीब 70-80 प्रतिशत इलाका क्लीयर करा लिया गया है। सभी एजेंसियां काम में जुटी हैं।
डीजीसीए ने बताया- पायलट ने मेडे की कॉल की थी
डीजीसीए ने बताया कि विमान में दो पायलट और केबिन क्रू के 10 सदस्यों समेत 242 यात्री सवार थे। विमान को कैप्टन सुमीत सभरवाल और फर्स्ट ऑफिसर क्लाइव कुंदर उड़ा रहे थे। डीजीसीए ने बताया कि विमान ने अहमदाबाद एयरपोर्ट के रनवे 23 से दोपहर 1 बजकर 38 मिनट पर उड़ान भरी। उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही पायलट ने एटीसी को मेडे की कॉल की थी, लेकिन जब एटीसी ने एयरक्राफ्ट से संपर्क साधने की कोशिश की तो कोई जवाब नहीं मिला। विमान उड़ान भरते ही एयरपोर्ट परिसर के बाहर गिर गया, जिसके बाद धुएं का बड़ा गुबार दिखाई दिया। विमान हादसे के बाद बचाव और राहत कार्य के लिए एनडीआरएफ की कई टीमें मौके पर भेजी गई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में ऐसा दावा किया जा रहा है कि गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी भी इस विमान में सवार थे।
ये भी पढ़ें-
Plane Crash: अहमदाबाद में 37 साल पहले भी क्रैश हुआ था बोइंग विमान, 133 की गई थी जान; भारत में कहां-कब हुए ऐसे हादसे?
PM मोदी ने विमान दुर्घटना की जानकारी ली
प्रधानमंत्री मोदी ने घटना पर ट्वीट करते हुए लिखा कि 'अहमदाबाद में हुई त्रासदी ने हमें स्तब्ध और दुखी कर दिया है। यह शब्दों से परे दिल दहला देने वाली घटना है। इस दुखद घड़ी में, मेरी संवेदनाएं इससे प्रभावित सभी लोगों के साथ हैं। मैं मंत्रियों और अधिकारियों के संपर्क में हूं। सभी लोग प्रभावित लोगों की सहायता के लिए काम कर रहे हैं।' प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागरिक उड्डयन मंत्री से बात की और विमान हादसे की जानकारी ली। मंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि वे बचाव और राहत कार्यों की निगरानी के लिए अहमदाबाद जा रहे हैं।
पीएम मोदी ने नागरिक उड्डयन मंत्री से कहा है कि वे सभी आवश्यक सहायता तत्काल उपलब्ध कराएं और स्थिति के बारे में नियमित रूप से अपडेट रहें। सभी संबंधित एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और समन्वित प्रयास जारी हैं। अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा (एसवीपीआईए) के प्रवक्ता ने बताया कि एयर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त होने के चलते सरदार वल्लभभाई पटेल अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा अहमदाबाद फिलहाल चालू नहीं है। अगली सूचना तक सभी उड़ान संचालन अस्थायी रूप से निलंबित कर दिए गए हैं।
अहमदाबाद विमान हादसे के बाद की स्थिति; विमान हादसे के दौरान की तस्वीर (दाएं ऊपर)
- फोटो : PTI
37 साल पहले भी यात्री विमान क्रैश से दहला था अहमदाबाद
19 अक्तूबर 1988 को भी अहमदाबाद एयरपोर्ट के करीब एक बड़ा विमान हादसा हुआ था। उस हादसे में 113 लोगों की मौत हुई थी। उस दिन बोइंग 737-200 विमान ने सुबह 6.05 बजे मुंबई से उड़ान भरी। 6.20 बजे पायलट ने अहमदाबाद एयरपोर्ट से कम दृश्यता के चलते मौसम की जानकारी मांगी। हालांकि, अहमदाबाद एयरपोर्ट पहुंचने के बाद पायलट ने लैंडिंग की अनुमति नहीं मांगी और सुबह 6.53 बजे चिलोदा कोतरपुर के करीब एक पेड़ और बिजली के ट्रांसमिशन टावर से टकरा गया। बताया जाता है कि कॉकपिट में मौजूद वॉयस रिकॉर्डर से सामने आया था कि विमान में दोनों पायलट कम दृश्यता के चलते रनवे खोजने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान वे विमान को नीचे भी उतारते जा रहे थे। जब यह विमान 1000 फीट की ऊंचाई पर रह गया, तभी यह बिजली के ट्रांसमिशन टावर से टकरा गया और एयरपोर्ट से करीब 3 किलोमीटर दूर क्रैश हो गया।