गुजरात कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भरत सिंह सोलंकी ने हाईकोर्ट को बताया कि 2017 के राज्यसभा चुनाव से पहले अपने विधायकों को बंगलूरू और आणंद स्थित रिसॉर्ट में ठहराने पर पार्टी ने करीब 80 लाख रुपये खर्च किए थे।
सोलंकी ने बताया कि 29 जुलाई, 2017 को प्रदेश कांग्रेस ने 44 विधायकों को भाजपा की कथित खरीद-फरोख्त से बचाने के लिए बंगलूरू भेजा गया था। फिर वहां से उन्हें लाकर आणंद में ठहराया गया। उल्लेखनीय है कि उसी साल 8 अगस्त को राज्यसभा का चुनाव हुआ था।
चुनाव में वरिष्ठ कांग्रेस नेता अहमद पटेल ने भाजपा प्रत्याशी बलवंतसिंह राजपूत को हरा दिया था। राजपूत ने पटेल की जीत को गुजरात हाईकोर्ट में चुनौती दी थी। इसी सिलसिले में सोलंकी से जिरह चल रही है।