एनईएफटी-आरटीजीएस से लेनदेन सस्ता होगा
आरबीआई ने एनईएफटी और आरटीजीएस लेनदेन पर लगने वाला शुल्क खत्म कर दिया है। इससे बैंकों को अब इन ऑनलाइन लेनदेन पर लगने वाले शुल्क को कम करने में मदद मिलेगी और इसका फायदा ग्राहकों को होगा। आरबीआई के आदेश पर एनईएफटी और आरटीजीएस पर सभी तरह के शुल्क खत्म हो जाएंगे। एसबीआई एनईएफटी से लेनदेन पर एक से पांच रुपये और आरटीजीएस से लेनदेन पर 5 से 50 रुपये शुल्क वसूलता है।
छोटी बचत योजनाओं पर घटेगी ब्याज दर
सोमवार से तीन महीने के लिए एनएससी, पीपीएफ व सुकन्या समृद्धि योजना समेत छोटी बचत योजनाओं पर ब्याज दर 0.1 फीसदी घट जाएगी।
एसबीआई का होम लोन रेपो रेट से जुड़ेगा
देश का सबसे बड़ा बैंक एसबीआई 1 जुलाई से अपने होम लोन को रेपो रेट से जोड़ देगा। अब आरबीआई जितनी बार रेपो रेट बदलेगा, उतनी बार होम लोन की ब्याज दर भी घटेंगी या बढ़ेंगी।
बेसिक खातों पर भी मिलेगी चेकबुक
बैंकों में बेसिक अकाउंट रखने वाले ग्राहकों को चेक बुक और अन्य सुविधाएं मिलेंगी। बैंक अब इन सुविधाओं के लिए खाताधारकों को कोई न्यूनतम राशि रखने के लिए नहीं कह सकते।
कई ट्रेनों के समय में बदलाव
1 जुलाई से कई ट्रेनों के समय में बदलाव होंगे। वहीं कई ट्रेनों के नाम भी बदले जाएंगे।
मारुति और महिंद्रा की कारें होंगी महंगी
सुरक्षा मानक लागू करने की वजह से महिंद्रा की यात्री कार 36 हजार और मारुति की डियाजर 12700 रुपये महंगी हो जाएगी।
सिलिंडर के दामों में बदलाव
हर महीने की तरह 1 जुलाई से रसोई गैस सिलेंडर की नई कीमतें जारी होंगी। इससे पहले 1 जून को रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी हुई थी।