भारत और यूनान सोमवार को व्यापार, समुद्री सुरक्षा और ऊर्जा समेत कई प्रमुख क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को गहरा करने पर सहमत हो गए हैं। साथ ही दोनों देशों के बीच पहली सीधी उड़ान सेवा शुरू करने के लिए एक समझौता मसौदा पर भी हस्ताक्षर हुए। यूनान ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की स्थायी सदस्यता के लिए भारतीय निविदा का भी समर्थन किया है।
यूनान के विदेश मंत्री निकोस कोत्जिआस ने कहा कि उनका देश संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी सदस्यता का समर्थन करता है। इससे दुनिया की सत्ता में एक नया संतुलन आएगा। उन्होंने कहा कि दुनिया की पुरानी शक्तियां क्षीण हो रही हैं जबकि भारत और चीन एक नए संतुलन के रूप में नई शक्तियों के रूप में उभरकर सामने आए हैं।
कोत्जिआस ने यह बात सोमवार को अपने समकक्ष सुषमा स्वराज से वार्ता के बाद कही। दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय रिश्तों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई और क्षेत्रीय, बहुपक्षीय मसलों के आपसी हितों पर विचार-विमर्श किया।
कोत्जियास की चार दिनी भारत यात्रा मंगलवार को समाप्त हो रही है। गौरतलब है कि यूनान में 10000 से ज्यादा भारतीय नागरिक रहते हैं। इनमें से ज्यादातर निर्माण क्षेत्र या फैक्ट्रियों में कार्यरत हैं।