केंद्रीय पर्यटन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डा. महेश शर्मा ने कहा कि केंद्र सरकार बुंदेलखंड को पर्यटन हब के रूप में विकसित करने को लेकर गंभीर है। पर्यटन मंत्रालय झांसी की रानी पर आधारित लाइट एंड लेजर शो तैयार करा रहा है, वहीं झांसी, दतिया व ओरछा को जोड़कर प्रोजेक्ट तैयार किया जा रहा है।
जल्द ही इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आने लगेंगे। शनिवार को भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में हिस्सा लेने झांसी आए केंद्रीय पर्यटन ने अमर उजाला से हुई खास बातचीत में कहा कि बुंदेलखंड में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। क्षेत्र के पर्यटन को राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहचान नहीं मिल पाई है। लेकिन, अब इसे पर्यटन हब बनाने की तैयारी है।
उन्होंने कहा कि वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई को पूरे देश में जाना जाता है। झांसी के पर्यटन को रानी की थीम से जोड़ने की योजना है। इसके लिए पर्यटन मंत्रालय लाइट एंड लेजर शो तैयार कर रहा है, जिसका प्रदर्शन रानी के किले के आसपास किया जाएगा।
यह पर्यटकों का ध्यान इस ओर खींचने में महत्वपूर्ण साबित होगा। इसके अलावा झांसी व आसपास के धार्मिक स्थल दतिया व ओरछा को जोड़कर धार्मिक पर्यटन प्रोजेक्ट भी बनाया जा रहा है। इसमें वह स्थान भी शामिल किए जाएंगे, जिनकी ऐतिहासिक व धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण होने के बाद भी अलग पहचान नहीं बन पाई है।