दिल्ली दंगों की गलत रिपोर्टिंग करने पर विदेशी मीडिया की कवरेज से नाखुश भारत सरकार ने कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रसार भारती ने बताया कि वॉल स्ट्रीट जर्नल के दक्षिण पूर्व एशिया के डिप्टी ब्यूरो चीफ एरिक बैलमेन को गलत रिपोर्टिंग का दोषी पाया गया है।
एक निजी संस्था ने दो मार्च को इसकी शिकायत की थी। इसे विदेश मंत्रालय को सौंपा गया जिसके बाद अमेरिका स्थित भारतीय दूतावास को मामले को देखने को कहा गया।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने बताया, ऑनलाइन मिली शिकायत को संबंधित विभाग को सौंपना नियमित प्रक्रिया है, फिलहाल उन्हें वापस भेजने का फैसला नहीं किया गया है। बैलमेन समेत तीन भारतीय प्रतिनिधियों पर आईबी अधिकारी अंकित शर्मा की हत्या को लेकर विवादित रिपोर्टिंग का आरोप है।
शिकायतों की जांच के लिए समिति गठित
मंत्रालय ने दिल्ली हिंसा के बारे में विदेशी मीडिया को तथ्यों से अवगत कराने का फैसला लिया है। मनगढ़ंत खबरों की शिकायतों की जांच के लिए एक समिति का गठन किया गया है।
इसके अलावा मंगलवार को एक चैनल के खिलाफ शिकायत का भी मंत्रालय ने संज्ञान लिया है। शिकायत में मांग की गई है कि समाज को बंटाने वाली और एकतरफा खबरें दिखाने वालों को उनके देश वापस भेज दिया जाए।