किसानों के साथ जारी गतिरोध के बीच सरकार ने कृषि क्षेत्र मे आत्मनिर्भर भारत के तहत सुधारों पर चर्चा जारी रखने का फैसला किया है।
कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर इसी दिशा में 11 जनवरी को परामर्श समिति के साथ बैठक करेंगे। सरकार यह सुनिश्चित करना चाहती है कि देश और किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सुधारों में कोई बाधा न आने पाए।
बजट सत्र से पहले कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की इस बैठक में देश व अन्नदाता की खुशहाली के लिए नीतियों की मंजूरी एवं अनुपालन पर विस्तृत चर्चा होगी। सूत्रों की मानें तो बैठक में इस बात पर चर्चा होगी कि कृषि क्षेत्र से आत्मनिर्भर भारत में किस तरह का योगदान हो सकता है।
बैठक के एजेंडे में मसौदा रिपोर्टों को अपनाना और पशु चिकित्सा सेवाओं की स्थिति और देश में पशु टीकों की उपलब्धता पर साक्ष्य एकत्र करना शामिल है। परामर्श समिति में कांग्रेस समेत अन्य सभी पार्टियों के सांसद शामिल हैं, इसलिए बैठक के दौरान कृषि कानूनों को लेकर तीखी नोकझोंक होने के भी आसार हैं। सरकार का दावा रहा है कि तीनों नए कृषि कानून देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में उठाया गया कदम है।