यूपी के सरकारी स्कूलों का कायाकल्प करने के लिए प्रदेश सरकार ने कमर कस ली है। इसके लिए योगी सरकार ने एचआरडी मिनिस्ट्री से हाथ मिलाया है। यह पहली बार है जब किसी प्रदेश सरकार ने केंद्र के साथ करार किया है। यूपी में इस वक्त 2.56 लाख स्कूल हैं, जिनमें 4.84 करोड़ बच्चे पढ़ते हैं।
इकोनॉमिक टाइम्स के मुताबिक, केंद्र और राज्य सरकार ने इसके लिए एक ब्लू प्रिंट भी तैयार कर लिया है। इस ब्लू प्रिंट के मुताबिक, जिलेवार शिक्षा के स्तर और स्कूलों में मौजूद इन्फ्रास्ट्रकचर को डेवलप किया जाएगा, जहां पर 25 फीसदी से कम है।
इसके अलावा बच्चों की आधार नंबर से ट्रेकिंग और शिक्षकों के लिए बॉयोमेट्रिक सिस्टम के तहत हाजिरी ली जाएगी, जिससे गैरहाजिर रहने वाले शिक्षकों पर नकेल कसी जा सके।
ब्लूप्रिंट के मुताबिक, उन बीएड संस्थानों को भी बंद किया जाएगा जिनकी ट्रेनिंग का स्तर काफी पुराना है। इसके अलावा तीसरी क्लास से लेकर के 10वीं के छात्रों के लिए गर्मियों की छुट्टियों में समर कैंप शुरू करना शामिल हैं। यूपी बोर्ड द्वारा घोषित होने वाले रिजल्ट को सुधारने के लिए तैयारी की जाएगी।
इस ब्लू प्रिंट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और एचआरडी मिनिस्ट्री के बीच बैठक हो चुकी है और इस पर काम करने के लिए सहमति बन चुकी है।