केंद्र सरकार ने ट्विटर और फेसबुक समेत सभी सोशल मीडिया प्लेटफार्मों को कोविड-19 (कोरोना वायरस) से जुड़ी बहुत सारी पोस्ट हटाने का निर्देश दिया है।
सूत्रों का कहना है ये पोस्ट महामारी को लेकर झूठी जानकारी फैलाने और जनता में भय पैदा करने का काम कर रही थीं। ट्विटर ने भी भारत सरकार के कानूनी आग्रह पर कार्रवाई करने और इसकी जानकारी प्रभावित खाताधारकों को देने की बात स्वीकार की है। हालांकि ट्विटर ने प्रभावित खातों का ब्यौरा साझा नहीं किया है।
ट्विटर के प्रवक्ता ने कहा, जब एक उचित कानूनी आग्रह मिलता है तो हमारी टीम संबंधित पोस्ट की ट्विटर नियमोंऔर स्थानीय कानूनों, दोनों के हिसाब से समीक्षा करती है। यदि कंटेंट से ट्विटर के नियमों का उल्लंघन होता है तो उसे हटा दिया जाता है। लेकिन यदि कंटेंट खास न्यायाधिकार के हिसाब से गैरकानूनी होता है, लेकिन ट्विटर के नियमों के खिलाफ नहीं होता तो हम उस कंटेंट को केवल भारत में दिखाई देने से रोक देते हैं।
50 से ज्यादा पोस्ट हटाए जाने की पुष्टि
ल्यूमेन डाटाबेस (एक स्वतंत्र शोध परियोजना) के हिसाब से भारत सरकार के आग्रह पर ट्विटर ने 50 से ज्यादा पोस्ट हटाई हैं। इन पोस्ट में एक संसद सदस्य, विधायक और फिल्म निर्माताओं के ट्वीट भी शामिल हैं। हालांकि ट्विटर का कहना है कि उसने इस कार्रवाई से पहले सभी खाताधारकों को जानकारी दी थी ताकि उन्हें यह कदम भारत सरकार के कानूनी आग्रह पर उठाए जाने की जानकारी रहे।