सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का जिम्मा संभालने के बाद केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी इन दिनों सरकारी चैनलों के कायाकल्प करने की कवायद में जुटी हैं। सरकार के जरिए चलने वाले दूरदर्शन के चैनलों का कायाकल्प करने के लिए मंत्रालय ने पूरा खाका खिंच लिया है। जल्द ही रणनीति जमीन पर अमल होती नजर आएगी।
बताया जा रहा है कि ईरानी के पास चार नए चैनलों का भी प्रस्ताव पहुंचा है। सरकार जल्द ही इस पर निर्णय लेकर अपने कदम आगे बढाएगी। सूचना प्रसारण मंत्रालय के अधिकारियों ने जिन चार चैनलों का प्रस्ताव ईरानी के समक्ष प्रस्तुत किया है।
उसमें बच्चों के लिए विशेष किडस चैनल, 24 घण्टे के लिए सिनेमा चैनल और युवाओं के लिए विशेष चैनल का प्रस्ताव है। युवाओं के चैनल पर म्यूजिक के अलावा परिचर्चा के तमाम विषय प्रमुखता से रहेंगे।
कुछ यूं बदला नजर आएगा सरकारी चैनलों का नजारा
सूत्र बताते हैं कि सरकारी चैनलों की कायाकल्प करते हुए ईरानी न सिर्फ दूरदर्शन के तमाम चैनलों की प्रस्तुति के रंग-ढंग को बदलेंगी। बल्कि खबर पढ़ने वाले एंकरों के परिधान भी बदले नजर आएंगे।
दूरदर्शन चैनलों का कलेवर इस कदर बदला जा रहा है कि वे निजी चैनलों को टक्कर दे सकें। इसके अलावा मोबाईल एप पर दूरदर्शन के चैनलों को पहुंचाने के लिए शुरू की गई डीटीटी की असफल व्यवस्था को भी ईरानी तकनीक बदलाव के साथ नए रूप में लाने की तैयारी कर रही हैं।