बंगलूरू में सीएए विरोधी रैली में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारों पर विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने चिंता जताते हुए कार्रवाई की बात कही है। उन्होंने कहा कि रैली में इस प्रकार के नारे लगाया जाना देश के लिए खतरनाक है। उन्होंने कहा कि सीएए विरोधी मंच के जरिए पाकिस्तान समर्थित नारे लगाए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार इसपर जल्द ही उपयुक्त कदम उठाएगी और तथ्यों की समीक्षा भी करेगी। दरअसल, कर्नाटक में गुरुवार को सीएए के विरोध में हुई रैली के दौरान एआईएमआईएम नेता वारिस पठान ने विवादित बयान देते हुए कहा था कि हम 15 करोड़ हैं लेकिन 100 पर भारी हैं।
फडणवीस ने की कार्रवाई की मांग
वहीं, महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि बहुसंख्यक समुदाय की सहिष्णुता को उसकी कमजोरी न समझा जाए। फडणवीस ने पठान से माफी और उद्धव ठाकरे सरकार से उन पर कार्रवाई करने की मांग की। उन्होंने कहा कि हम वारिस पठान द्वारा दिए गए बयान की निंदा करते हैं और उनसे माफी की मांग करते हैं। अगर वह माफी नहीं मांगते हैं तो राज्य सरकार को निश्चित रूप से उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।