केंद्र सरकार ने नौसेना कर्मियों को तोहफा दिया है। बताया जा रहा है कि सरकार ने समुद्र में तैनाती के लिए दिए जाने वाले भत्ते में फेरबदल करने का फैसला किया है। यह भत्ता समुद्र में तैनाती के दौरान कर्मियों के लिए होने वाले जोखिम और उनके सामने आने वाली कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए दिया जाता है। रक्षा मंत्रालय ने शुक्रवार को इसका एलान किया।
मंत्रालय के मुताबिक, समुद्र में तैनाती के दौरान भारतीय नौसेना के कर्मियों के सामने आने वाली चुनौतियों, जोखिम और कठिनाइयों के लिए प्रतिपूरक भत्ते यानी समुद्री यात्रा भत्ते को लेकर सरकार ने ऐतिहासिक फैसला किया है। काफी समय से भत्ते में विसंगति की शिकायतें मिल रही थी। सरकार ने अब इसे दूर कर दिया है।
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, सरकार के इस कदम से समर्पित नौसेना कर्मियों का उत्साह बढ़ेगा। खासकर वे नौसैनिक जो उच्च जोखिम वाले अभियानों में तैनात हैं। हालांकि, मंत्रालय के बयान में यह उल्लेख नहीं किया गया कि इस भत्ते में कितना इजाफा किया गया है।