पंजाब के वास्तविक हालात पर बनी फिल्म उड़ता पंजाब पर जारी विवाद के बीच भाजपा ने कहा है कि पंजाब में सबकुछ ठीक है। केंद्रीय मंत्री, स्वतंत्र प्रभार राजीव प्रताप रूढ़ी ने कहा है कि अकाली-भाजपा की गठबंधन सरकार सूबे में बेहतर कार्य कर रही है।
उड़ता पंजाब फिल्म मामले पर केंद्र सरकार का बचाव करते हुए रूढ़ी ने कहा कि सेंसर बोर्ड अपने नियम कायदों से चलता है। सरकार का इसमें हस्तक्षेप नहीं है। फिल्म के प्रोडयूसर अनुराग कश्यप पर आम आदमी पार्टी के मदद से फिल्म बनाने के आरोपों पर भाजपा नेता ने कहा है कि आप को विवादों की राजनीति पसंद है। वह हमेशा विवादों को हवा देकर अपनी सियासत चलाती है।
दरअसल अनुराग कश्यप के को-प्रोडक्शन में बनी फिल्म उड़ता पंजाब पर सेंसरशिप की चोट के बाद विवाद ज्यादा बढ़ गया है। मामला पर देश की सियासत गर्म हो गई है। पंजाब विधानसभा चुनाव के मद्देनजर फिल्म के विवाद को ज्यादा वजन मिल रहा है।
उड़ता पंजाब फिल्म में पंजाब के वर्तमान हालात (ड्रग की खेती से लेकर व्यापारिक नेटवर्क) पर आधारित है। फिल्म का असर सूबे की अकाली-भाजपा सरकार के विपरीत न पड़े। इसलिए सेंसर बोर्ड ने फिल्म के नाम से पंजाब हटाने का फरमान जारी किया है।
सेंसर बोर्ड के चेयरमैन पहलाज निहलानी ने फिल्म के प्रोडयूशर अनुराग कश्यप पर आम आदमी पार्टी से पैसे लेने का आरोप लगाया है। इसपर कश्यप ने निहलानी से माफी की मांग की है।
बताया जा रहा है कि फिल्म के नाम से पंजाब शब्द हटाने का फैसला निहलानी ने केंद्र सरकार के इशारे पर लिया है। इससे प्रदेश सरकार की छवि पर बड़ा असर पडने का भय था। अब बालीवुड की तमाम बड़ी हस्तियां भी इस विवाद में कूद पड़ी हैं।