कोविड-19 महामारी से बेरोजगार हुए लोगों और वेतन कटौती का आंकड़ा सरकार एकत्र करेगी। वित्त मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि इसके लिए केंद्रीय वित्त मंत्रालय ने श्रम मंत्रालय से कोविड-19 के चलते रोजगार खोने वालों का डेटा इकट्ठा करने को कहा है। इसके साथ ही वित्त मंत्रालय की नजर सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की तरफ से लोन की मंजूरी और कर्ज के वितरण के बीच अंतर पर भी है।
दरअसल वित्त मंत्रालय का मानना है कि सार्वजनिक बैंकों की तरफ से स्वीकृत ऋणों का वितरण नहीं हो रहा है। वित्त मंत्रालय इस अंतर को हल करने के उपायों पर काम कर रहा है। वित्त मंत्रालय का पूरा ध्यान सरकार की तरफ से लिए जाने वाले ऋण को कम करने पर है। वहीं चीन के साथ जारी तनातनी के बीच फिलहाल सरकार की चीन से फोरेन पोर्टफोलियो इनवेस्टमेंट के जरिए आ रहे आ रहे निवेश पर प्रतिबंध लगाने की कोई योजना नहीं है।
आईआईटी बंबई में कोरोना से पहली मौत
आईआईटी बंबई परिसर के एक कर्मी की कोविड-19 संक्रमण से मौत हो गई है। संस्थान के निदेशक डायरेक्टर प्रो शुभाशीष चौधरी ने अपने फेसबुक पेज पर इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि संस्थान में संक्रमण से मौत का यह पहला मामला है। कर्मी एक हफ्ते पहले ही कैंपस में शिफ्ट हुआ था। दो दिन पहले लक्षण दिखने पर उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया था, जहां उनकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।
महाराष्ट्र में 116 और पुलिसवाले संक्रमित
महाराष्ट्र में पुलिसकर्मियों में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। बीते 24 घंटे में 116 और पुलिसकर्मियों को संक्रमित पाया गया है, जबकि तीन की मौत हो गई। राज्य में अब तक 2211 पुलिसकर्मी जानलेवा बीमारी की चपेट में आ चुके हैं, जबकि 25 की मौत हो चुकी है। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, महाराष्ट्र में अब तक कोरोना के 59546 केस मिल चुके हैं, जिनमें से 18616 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। वहीं, 1982 लोगों की मौत हुई है।