मेडिकल कॉलेज के उद्घाटन में केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल को नहीं बुलाने से अपना दल और भाजपा के बीच तकरार पर सरकार ने अपनी चूक मान ली है। सरकार ने कहा कि अब केंद्र सरकार से जुड़े उत्तर प्रदेश के सभी कार्यक्रमों में पटेल को आमंत्रित किया जाएगा। इस बीच अपने सहयोगी को मनाने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी चौबे ने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ से और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पांडे ने अपना दल के अध्यक्ष आशीष पटेल से बातचीत की है।
संसद परिसर में चौबे ने कहा कि इस विवाद में उन्होंने खुद सीएम से बात की है। यह इतना बड़ा मुद्दा नहीं है। अनुप्रिया को निमंत्रण नहीं देना चूक थी। जहां तक अपना दल और भाजपा का संबंध है तो यह बेहतर है। हर घर में थोड़ी-बहुत नाराजगी होना स्वाभाविक है। अनुप्रिया को हर आयोजन का हर हाल में निमंत्रण भेजा जाएगा।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि शीर्ष नेतृत्व ने राज्य सरकार और राज्य इकाई को किसी भी सूरत में विवाद न बढ़ने देने का निर्देश दिया है। आम चुनाव का हवाला देते हुए कहा गया है कि राज्य सरकार अपने आयोजनों में केंद्रीय मंत्री को निमंत्रण भेजना सुनिश्चित करे। आशीष पटेल ने करीब दो साल से स्वास्थ्य मंत्रालय से संबंधित कार्यक्रमों में अनुप्रिया को दूर रखने की साजिश रचने का आरोप लगाया।