उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, झारखंड के सिंदरी व बिहार के बरौनी स्थित बेकार हो चुके खाद प्लांट के पुनरोत्थान के लिए सार्वजनिक क्षेत्र की तीन नवरत्न कंपनियां आगे आई हैं। इन कंपनियों में बिजली उत्पादन करने वाली एनटीपीसी, कोयला उत्पादन करने वाली कोल इंडिया और पेट्रोलियम पदार्थों की कंपनियां आईओसी शामिल हैं।
तीनों कंपनियां मिलकर एक स्पेशल पर्पस व्हीकल बनाएंगी, जो इन तीन खाद प्लाटों को फिर से कामयाब बनाएंगी। बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली कैबिनेट कमेटी की बैठक में इस फैसले को मंजूरी दे दी गई।
कैबिनेट की बैठक के बाद केंद्रीय कानून व आईटी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने बताया कि सरकार ने गोरखपुर, सिंदरी व बरौनी स्थित यूरिया बनाने वाले प्लांट के पुनरोत्थान का फैसला पूर्व में लिया था और फैसले के मुताबिक इन तीनों प्लांटों को पुनर्जीवित करने के लिए सरकार ने रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल मंगवाए थे।