ओडिशा के गंजम जिले के गोपालपुर समुद्र तट पर कॉलेज की छात्रा के साथ हुए कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले को लेकर कांग्रेस की एक उच्चस्तरीय जांच टीम शनिवार को घटनास्थल पर पहुंची। यह टीम पूर्व एआईसीसी महासचिव दीपा दासमुंशी के नेतृत्व में गठित की गई है। इस महिला सदस्यों वाली टीम में राज्यसभा सांसद रंजीत रंजन, सांसद प्रणिति शिंदे, सांसद एस. जोठिमणि और पूर्व कांग्रेस प्रवक्ता शोभा ओझा शामिल हैं।
पीड़िता, परिवार और पुलिस से मिलेगी टीम
कांग्रेस की टीम का मकसद है कि वह घटनास्थल का निरीक्षण करे, पीड़िता और उसके परिवार से मिले, स्थानीय पुलिस अधिकारियों और अन्य संबंधित लोगों से बातचीत करे और फिर एक विस्तृत रिपोर्ट एआईसीसी अध्यक्ष को सौंपे। बता दें कि, यह वारदात 15 जून की रात को हुई थी, जब पीड़िता अपने कॉलेज के दोस्त के साथ 'राजा पर्व' के मौके पर गोपालपुर बीच पर गई थी। तभी करीब 10 लोगों ने (जिनमें 4 नाबालिग शामिल हैं) मिलकर छात्रा के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म किया।
यह भी पढ़ें -
Karnataka: अवैध खनन पर CM सिद्धारमैया को मंत्री ने लिखा पत्र; बंगलूरू में बच्चे की करंट लगने से मौत पर एफआईआर
कांग्रेस ने जताई नाराजगी, सीएम से मिलने की मांग
ओडिशा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भक्त चरण दास ने कहा, 'हमने ओडिशा में महिलाओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा को गंभीरता से लिया है। इसीलिए हमने यह उच्चस्तरीय जांच दल भेजा है। मैंने मुख्यमंत्री मोहन चरण माजी को पत्र लिखकर मांग की है कि वह टीम से मुलाकात करें।' टीम ने गोपालपुर में स्थानीय लोगों से भी बातचीत की और यह जानकारी ली कि वहां पुलिस की नियमित गश्त होती है या नहीं।
जांच में शामिल अन्य मामले
टीम ने ब्रहमपुर के एसपी सरवन विवेक एम से मुलाकात की और गोपालपुर मामले के साथ-साथ 5 जून को गोलंथारा क्षेत्र में दो नाबालिग लड़कियों से हुए दुष्कर्म मामले पर भी चर्चा की। एसपी ने बताया कि दोनों मामलों में सभी आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
राज्यसभा सांसद रंजीत रंजन ने कहा, 'हमने वह जगह देखी जहां छात्रा के साथ दुष्कर्म हुआ। यह एक प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है, लेकिन महिलाओं की सुरक्षा के लिए कोई इंतजाम नहीं हैं। हम इस मुद्दे को संसद में उठाएंगे और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मिलने की योजना है।' उन्होंने आरोप लगाया कि हाल के दिनों में ओडिशा में महिलाओं पर अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं, और केवल इसी सप्ताह तीन सामूहिक दुष्कर्म की घटनाएं सामने आई हैं। रंजीत रंजन ने यह भी कहा कि जब कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा में इस पर चर्चा और एक समिति बनाने की मांग की, तो उन्हें निलंबित कर दिया गया।
यह भी पढ़ें -
Bombay High Court: 12 साल की पीड़िता और 28 हफ्ते का गर्भवती...; हाईकोर्ट बोला- जबरन गर्भ नहीं ढो सकती बच्ची
अन्य नेताओं की प्रतिक्रिया
ओडिशा महिला कांग्रेस अध्यक्ष मीनाक्षी बहिनिपति और विधायक सोफिया फिरदौस ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य सरकार पर सवाल उठाए। कांग्रेस नेता और लोकसभा सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोशल मीडिया पर इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए ओडिशा की भाजपा सरकार पर लापरवाही का आरोप लगाया। वहीं भाजपा के गंजाम जिला अध्यक्ष सरोज सबत ने कहा कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और एक आईजी रैंक के अधिकारी इसकी निगरानी कर रहे हैं। बीजेडी के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद चंद्र शेखर साहू ने कहा कि उनकी पार्टी ने इस घटना के खिलाफ सबसे पहले विरोध जताया। बीजेडी अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भी इस नृशंस घटना की निंदा की और कहा कि किसी पर्यटन स्थल पर ऐसी घटना होना बेहद चिंता का विषय है।