यदि आप गूगल से भारत के पहले प्रधानमंत्री का नाम पूछेंगे तो वह आपको विकिपीडिया के एक लिंक पर ले जाएगा। इस लिंक पर आपको देश के सभी प्रधानमंत्रियों की लिस्ट मिल जाएगी। मगर सबसे दिलचस्प बात यह है कि इसमें नाम और थोड़ी सी जानकारी तो जवाहर लाल नेहरू के बारे में दी गई है लेकिन तस्वीर वर्तमान पीएम नरेंद्र मोदी की दिखाई देती है।
हालांकि यह साफ नहीं हो पाया है कि गूगल में कब से यह तकनीकी खराबी आई है। लेकिन सोशल मीडिया पर मौजूद लोगों की तरफ इसका ध्यान 25 अप्रैल को गया था। किसी एक शख्स ने रिजल्ट पेज का स्क्रीनशॉट लिया और इसे ट्वीट कर दिया। जिसके बाद इसी तरह के ट्वीट दूसरे लोग भी करने लगे। सभी लोग स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर शेयर करके पूछ रहे हैं कि आखिर ऐसा क्यों हो रहा है।
कुछ लोगों ने गूगल को टैग किया तो कुछ ने वर्ल्ड वाइड वेब (www) से इस मामले में सवाल किए। कुछ लोगों का कहना है कि यह साजिश है। एक शख्स ने लिखा- यह गूगल सर्च की हैरानी वाली बात है। भारत के पहले पीएम को सर्च करने पर यह रिजल्ट मिलता है। गूगल जवाहर लाल नेहरू की जगह नरेंद्र मोदी की तस्वीर दिखा रहा है। गूगल इंडिया यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि इस तरह की गलती गूगल द्वारा की जा रही है।
लोगों द्वारा पूछे जा रहे सवालों पर गूगल ने अभी तक कोई जवाब नहीं दिया है। हो सकता है कि इसके पीछे कोई तकनीकी समस्या हो या फिर यह विकिपीडिया की सूची में सबसे ऊपर दिख रही तस्वीर को दिखा रहा हो। विकिपीडिया पर साफतौर से लिखा है कि 26 मई 2014 से भारत के वर्तमान 14वें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं।