गूगल ने डूडल बनाकर उस्ताद बिस्मिल्लाह खान को उनके 102वें जन्मदिन के मौके पर श्रद्धांजलि दी है। चेन्नई के कलाकार विजय कृष ने इस डूडल को बनाया है। आपको बता दें कि उस्ताद बिस्मिल्लाह खान ने शहनाई वादन को दुनिया में एक नया मुकाम दिया।
गूगल के डूडल में उस्ताद बिस्मिल्लाह खान सफेद रंग के कपड़ों में शहनाई बजाते दिख रहे हैं। जिसमें धुन निकलती हुई दिख रही है। उस्ताद का जन्म 21 मार्च 1916 को बिहार के दुमराव में हुआ था। कम उम्र में ही उन्होंने ठुमरी, छैती, कजरी और स्वानी जैसी कई विधाओं को सीख लिया था।
उस्ताद बिस्मिल्लाह खान ने ख्याल म्यूजिक की पढ़ाई की थी और कई राग में महारत हासिल की थी। जब उस्ताद का जन्म हुआ तो उनके दादा ने खुदा का नाम लेते हुए 'बिस्मिल्लाह' कहा था जिसके बाद उनका नाम उस्ताद बिस्मिल्लाह खान पड़ गया।
उस्ताद बिस्मिल्लाह खान को दुनिया भर में कई सम्मान मिले। 1968 में उन्हें पद्म भूषण, 1980 में पद्म विभूषण और 1961 में उन्हें पद्म श्री से सम्मानित किया गया था। 2001 में वह देश का सर्वोच्च सम्मान भारत रत्न पाने वाले तीसरे क्लासिकल संगीतज्ञ बने। उन्होंने एडिनबर्ग म्यूजिक फेस्टिवल में भी शहनाई वादन किया था, यहीं से उन्हें दुनिया में ख्याति मिली। 21 अगस्त 2006 में वाराणसी में उन्होंने अंतिम सांस ली थी।