आज शिक्षक दिवस है। एक व्यक्ति के जीवन में अगर माता-पिता के बाद जिस व्यक्ति का सबसे ज्यादा महत्व होता है वो शिक्षक का होता है क्योंकि, शिक्षक ही अपने विद्यार्थी के ज्ञान का एकमात्र सहारा होता है। इन्हीं शिक्षकों को सम्मान देने के लिए हर साल आज के दिन यानी 5 सितंबर को शिक्षक दिवस (टीचर्स डे) मनाया जाता है।अध्यापकों के हमारे जीवन में इस अहम योगदान को गूगल ने भी एक विशेष डूडल बनाकर सम्मान दिया है।
इस डूडल के माध्यम से गूगल ने दर्शाने की कोशिश की है कि कैसे एक शिक्षक नयी पीढ़ी का निर्माण करता है और अपने शिक्षा के नक्शे कदम पर चलने के लिए विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करता है। गूगल हर मौके पर डूडल बनाकर उस दिन के महत्व को और बढ़ाने की पूरी कोशिश करता है।
भारत में हर साल 5 सितंबर को शिक्षक दिवस मनाया जाता है। 5 सितंबर के दिन शिक्षक दिवस मनाने के पीछे एक बड़ा कारण है। 5 सितंबर को ही भारत के एक महान व्यक्ति, डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन का जन्मदिन था। वो शिक्षा के प्रति अत्यधिक समर्पित थे और एक अध्येता, राजनयिक, भारत के राष्ट्रपति और खासतौर से एक शिक्षक के रुप में जाने जाते थे। डॉ राधाकृष्णन ने अपने जीवन के महत्वपूर्ण 40 वर्ष शिक्षक के रूप में बिताए थे।
डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन 1962 में भारत के राष्ट्रपति बने। एक बार कुछ विद्यार्थियों और प्रशंसक 5 सितंबर को उनके पास गए और उनसे उनका जन्मदिन मनाने का निवेदन किया। उन्होंने कहा कि 5 सितंबर को मेरा जन्म दिन मनाने के बजाय क्यों नहीं आप इस दिन को शिक्षकों के उनके महान कार्य और योगदान को सम्मान देने के लिये इस दिन को शिक्षक दिवस के रुप में मनाते? उनके इस कथन के बाद पूरे भारत भर में 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के रुप में मनाया जाने लगा।