पूर्वी तटीय रेलवे (ईसीओआर) के अधिकारियों ने बताया कि हादसा सुबह करीब पौने सात बजे हुआ। लोग प्लेटफॉर्म पर यात्री ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। तभी डांगोवापोसी से छत्रपुर जा रही मालगाड़ी बेपटरी हो गई। उसके आठ डिब्बे प्लेटफॉर्म तथा प्रतीक्षालय से टकरा गए।
सूत्रों की मानें तो जान गंवाने वालों की संख्या बढ़ सकती है। कुछ लोग गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे में स्टेशन परिसर को भी काफी नुकसान पहुंचा है। मालगाड़ी के बेपटरी होने की उचित वजह अभी पता नहीं चल पाई है। हादसे के कारण दोनों लाइन अवरुद्ध हो गईं और इससे ट्रेन सेवाएं आंशिक रूप से प्रभावित हुईं।
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक।
- फोटो : अमर उजाला
ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और कोराई मालगाड़ी के पटरी से उतरने के पीड़ितों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। उन्होंने प्रशासन को बचाव कार्य में तेजी लाने और घायलों के लिए पर्याप्त उपचार प्रदान करने का निर्देश दिया है। सीएम ने मंत्री प्रमिला मलिक से घटनास्थल का दौरा करने और स्थिति का जायजा लेने को कहा है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज सुबह मालगाड़ी के पटरी से उतरने के कारण यात्रियों की मौत पर दुख व्यक्त किया। मंत्री ने पीड़ितों के परिजनों के लिए 5-5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की। गंभीर रूप से घायलों को एक लाख रुपये और मामूली रूप से घायलों को 25 हजार रुपये का मुआवजा दिया गया।
कोरई स्टेशन पर पांच दिन नहीं रुकेंगी ट्रेन
जाजपुर जिले के कोरई रेलवे स्टेशन पर मालगाड़ी के डिब्बों के बेपटरी होने के एक दिन बाद मंगलवार को हावड़ा-कटक रेल लाइन पर ट्रेन सेवाएं बहाल कर दी गई हैं। हालांकि, कोरई रेलवे स्टेशन पर पांच दिनों तक ट्रेनों का ठहराव नहीं होगा क्योंकि हादसे के बाद मरम्मत का काम पूरी तरह से होना बाकी है।