ट्रेनों के एसी कोच में सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। अब एसी कोच में सफर करने वाले यात्रियों को अब गंदे कंबल की शिकायत नहीं रहेगी। ऐसा इसलिए क्योंकि उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) प्रशासन अब अपनी ट्रेनों के एसी कोच में सफर करने वाले यात्रियों को कवर लगा कंबल उपलब्ध कराने जा रहा है। इसकी शुरूआत वीआईपी ट्रेन प्रयागराज एक्सप्रेस से होगी। हर यात्रा के बाद कंबल के कवर की धुलाई भी की जाएगी।
ट्रेनों के एसी कोच में सफर करने वाले यात्री अक्सर इस बात की शिकायत करते हैं कि उन्हें रेलवे गंदा कंबल उपलब्ध करा रहा है। यात्रियों की इस शिकायत को देखते हुए रेलवे ने अब कवर लगा कंबल यात्रियों को उपलब्ध कराने की तैयारी की है। इसकी शुरूआत एनसीआर जोन प्रयागराज एक्सप्रेस से करने जा रहा है। प्रयोग के तौर पर प्रयागराज के एसी फर्स्ट कोच में यात्रियों को कवर लगा कंबल पिछले कई दिनों से दिया भी जा रहा है।
अच्छा रिस्पांस मिलने के बाद अब सेकंड एसी और थर्ड एसी कोच में सफर करने वाले यात्रियों को भी यही सुविधा दिए जाने का निर्णय लिया है। इस बारे में एनसीआर के सीपीआरओ गौरव कृष्ण बंसल का कहना है कि 17 जुलाई से यात्रियों को कवर लगा कंबल दिए जाने की योजना है। इसके बाद एक-एक करके एनसीआर जोन की इलाहाबाद-जयपुर, इलाहाबाद-हरिद्वार, दुरंतो एक्सप्रेस, संगम एक्सप्रेस, नौचंदी एक्सप्रेस, श्रमशक्ति एक्सप्रेस, इलाहाबाद-उधमपुर एक्सप्रेस आदि ट्रेनों में भी यात्रियों को कवर लगा कंबल उपलब्ध कराने की तैयारी है।
जानकारी के अनुसार इलाहाबाद जंक्शन पर मैकेनाइज्ड लाउंड्री 17 जून से शुरू हो जाएगी। इसके शुरू हो जाने के बाद इलाहाबाद से विभिन्न स्थानों की ओर जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों को मिलने वाले बेडरोल की बेहतर सफाई रेलवे करवा सकेगा। अभी बेडरोल आदि की सफाई रेलवे ठेके पर करवाता है।