बाबा रामदेव के पतंजलि स्टोर से लिया गया आटा नूडल्स का नमूना जांच में फेल हो गया है। जांच में आटा नूडल्स को घटिया स्तर का पाया गया है। पतंजलि आटा नूडल्स में एश कंटेंट (टेस्टमैकर) की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक पाई गई है। दरअसल, एफडीए के नगर खाद्य सुरक्षाधिकारी राकेश कुमार ने जिला अभिहीत अधिकारी डॉ. श्वेता सैनी के निर्देशन में शहर के मुरसान गेट स्थित बाबा रामदेव के पतंजलि उत्पाद स्टोर अनमोल ट्रेडर्स के यहां 23 फरवरी 2017 को छापामारी की थी।
इस छापामारी के दौरान पतंजलि ब्रांड की कई खाद्य वस्तुओं के नमूने लिए गए थे, जिसमें से आटा नूडल्स के नमूने की रिपोर्ट गुरुवार को आ गई। लखनऊ लैब से आई इस रिपोर्ट में आटा नूडल्स में ऐश कटेंट (टेस्टमेकर) की मात्रा निर्धारित मात्रा 1.0 फीसदी के स्थान पर 1.92 फीसदी पाई गई है। जांच में यह नमूना अधोमानक पाया गया है। इसके अलावा बर्फ खाना स्थित मुन्नालाल एंड संस के यहां से लिए गया सप्तऋषि कुटू आटा के नमूना भी जांच में मिस ब्रांड पाया गया है।
नवींपुर स्थित मनोज कुमार के यहां से मंडलीय टीम द्वारा लिया गया पाम ऑयल का नमूना जांच में अधोमानक पाया गया है। इस नमूने में एसिड वैल्यू निर्धारित मात्रा 0.5 के विपरीत 0.6 पाई गई, जबकि बीआर रीडिंग भी 44 फीसदी निर्धारित मात्रा की जगह 49 फीसदी पाई गई है। मुख्य खाद्य सुरक्षाधिकारी हरींद्र सिंह ने बताया कि जो नमूने जांच में फेल आए हैं, उनके विक्रेताओं को नोटिस भेजा जा रहा है। इसके बाद मुकदमा आदि की कार्रवाई की जाएगी।