भारतीय रिजर्व बैंक ने कंपनियों को राहत देने के बजाए आम जनता को बड़ी राहत दी है। जिसके चलते फिलहाल 90 करोड़ से अधिक डेबिट व क्रेडिट कार्ड के बंद होने का खतरा टल गया है। हालांकि आरबीआई ने विदेशी कार्ड पेमेंट गेटवे कंपनियों पर कुछ बंदिशें लगाई हैं और इस संबंध में कुछ दिशा-निर्देश भी दे सकता है।
बता दें कि RBI ने इस साल के शुरू में देश में काम कर रहीं विदेशी कंपनियों को भारत में डाटा स्टोर करने का आदेश दिया था। इस आदेश में कहा गया था कि इन कंपनियों को आगामी 15 अक्टूबर तक इस आदेश का पालन करना है। लेकिन अभी तक ऐसा नहीं हो पाया। आशंका थी कि RBI ने अपना फैसला नहीं बदला तो त्योहारी सीजन में लोगों को खरीदारी में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। फेस्टिव सीजन में 90 करोड़ से अधिक डेबिट व क्रेडिट कार्ड के बंद होने का खतरा फिलहाल टल गया है।
अगली अच्छी खबर ये है कि केंद्र सरकार की 'उड़ान' योजना के तहत पिथौरागढ़ के बाद दूसरे चरण में अल्मोड़ा से भी हवाई सेवा शुरू करने की तैयारी की जा रही है। अल्मोड़ा में दो हेलीपोर्ट मंजूर हो गए हैं जिनका निर्माण जल्द ही हो जाएगा और आने वाली गर्मियों के सीजन तक अल्मोड़ा से हल्द्वानी, देहरादून और दिल्ली के लिए हवाई सेवा शुरू करने की योजना है। बीते आठ अक्टूबर को पिथौरागढ़ से दून के बीच हवाई सेवा शुरू होने के बाद अब उड्डयन विभाग दूसरे चरण में अल्मोड़ा, रामनगर और हल्द्वानी से भी हवाई सेवाएं शुरू करने की योजना बना रहा है।
एक लंबा इंतजार करवाने के बाद फेसबुक ने अब मैसेंजर में भी मैसेज को डिलीट करने का फीचर देने की तैयारी कर ली है। फेसबुक मैसेंजर में मैसेज को डिलीट करने वाले फीचर का स्क्रीनशॉट भी सामने आया है। दूसरे शब्दों में कहें तो व्हाट्सऐप की तरह अब आप फेसबुक मैसेंजर में भेजे गए मैसेज को भी डिलीट कर सकेंगे। फेसबुक के इस फीचर के आने के बाद भेजने और प्राप्त करने वाले दोनों यूजर के ऐप से मैसेज डिलीट हो जाएंगे। फेसबुक मैसेंजर के इस फीचर की जानकारी इसी साल अप्रैल में जाने-माने टिप्स्टर जेन मंचून वोंग ने दी थी।