Gold smuggler swapna suresh with CM pinarai vijayan (File photo)
- फोटो : Twitter
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन के पूर्व आईटी साथी, अरुण बालचंद्रन, सनसनीखेज सोने की तस्करी मामले में शुक्रवार को पूछताछ के लिए कस्टम विभाग के सामने पेश हुए। उनपर आरोप है कि उन्होंने मुख्य आरोपी स्वप्ना सुरेश के लिए राज्य सचिवालय के बाहर एक फ्लैट की व्यवस्था करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। ऐसा आशंका जताई जा रही है कि इतनी उच्च सुरक्षा वाली जगह पर फ्लैट लेने का मकसद सोने की तस्करी के संचालन को सुविधाजनक बनाना था।
सीएम के पूर्व निजी सचिव के करीबी माने जाने वाले बालाचंद्रन ने कोच्चि में अधिकारियों से कहा कि उन्हें पूर्व सचिव एम शिवशंकर द्वारा स्वप्ना सुरेश के लिए एक फ्लैट की व्यवस्था करने के लिए कहा गया था, जो मामले में जांच के दायरे में है।
इस मामले में अब तक 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और 5 फरार हैं या उन्हें सोने की तस्करी के मामले में प्रत्यर्पित किया जा रहा है। इस हाई प्रोफाइल मामले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) समेत कई अन्य एजेंसियों द्वारा की जा रही है।
एनआईए ने दावा किया है कि तस्करी का नेटवर्क देश विरोधी गतिविधियों और संभवत: आतंकी फंडिंग से जुड़ा था। गौरतलब है कि यह मामला 5 जुलाई को सामने आया जब तिरुवनंतपुरम में यूएई वाणिज्य दूतावास के एक अधिकारी के नाम पर संयुक्त अरब अमीरात से आए बैग से 30 किलो सोना जब्त किया गया।