गोदावरी नदी में आई भीषण बाढ़ के कारण आंध्र प्रदेश के छह जिलों में 20 लाख से अधिक लोगों का जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है।राजामहेंद्रवरम के समीप दोवालेस्वरम में सर आर्थर कॉटन बांध में जलस्तर शनिवार रात 25.60 लाख क्यूसेक के पार चला गया, अभी इसके और बढ़ने की आशंका है। इससे पहले बांध में अगस्त 2006 में जलस्तर इतना अधिक रहा था।
ओडिशा के कई गांव भी डूबे
ओडिशा के मलकानगिरी जिले में निचले इलाके पानी से डूब गए हैं। यहां गोदावरी का पानी घुसने से बाढ़ जैसे हालात हैं। जिला प्रशासन ने कई जगहों पर राहत शिविर खोले हैं और निचले इलाकों से लोगों को निकालकर वहां पहुंचाया जा रहा है। पिछले चार दिनों से जिले में भारी बारिश हो रही है।
राजस्थान के श्रीगंगानगर में चार बच्चों की डूबने से मौत
बारिश का सिलसिला लगातार जारी रहने से शनिवार को श्रीगंगानगर व आसपास के इलाकों में बाढ़ जैसे हालात रहे। जगह-जगह पर जलभराव हुआ और शहर के बहुत सारे इलाके पानी में डूबे रहे। हालात इतने बिगड़ गए हैं कि सेना और बीएसएफ को राहत कार्य के लिए मोर्चे पर लगाया गया है। वहीं नागौर जिले में बारिश के पानी से भरे एक खड्ढे में चार बच्चों की डूबकर मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बच्चे खड्ढे में नहा रहे थे और अचानक डूब गए।
वहीं, श्रीगंगानगर में भारी बारिश से हुए जलजमाव में जिला कलेक्टर की गाड़ी पुल के नीचे आधे से ज्यादा डूब गई। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से गाड़ी को बाहर निकाला गया।
गुजरात के नवसारी जिले में कई संगठनों ने घर-घर जाकर लोगों को भोजन के पैकेट बांटे
गुजरात में बाढ़ के बाद नवसारी जिले के अलग-अलग गांवों में लोग अलग-अलग जगहों पर फंसे लोगों की मदद के लिए सामने आए। जिले के विभिन्न छोटे गांवों में कई संगठनों ने घर-घर जाकर लोगों को भोजन के पैकेट बांटे।